ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बघेरजादेह का निधन हो गया है। तेहरान पर हुए अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में वह गंभीर रूप से घायल थीं, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

नई दिल्ली: ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बघेरजादेह (Mansoureh Khojasteh Bagherzadeh) का सोमवार को निधन हो गया। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान पर अमेरिका और इज़राइल के ज्वाइंट एयरस्ट्राइक में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

79 साल की मंसूरेह का जन्म ईरान के मशहद में हुआ था। बताया जा रहा है कि जिस वक्त अमेरिका और इज़राइल ने हमला किया, उस समय वह खामेनेई के साथ तेहरान वाले उनके कंपाउंड में ही मौजूद थीं। वह इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर हसन खोजस्तेह बघेरजादेह की बहन थीं।

अयातुल्ला अली खामेनेई और मंसूरेह के छह बच्चे हैं - चार बेटे (मोस्तफा, मोज्तबा, मसूद और मेसम) और दो बेटियां (होडा और बोशरा)। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके कुछ दूर के रिश्तेदार (पोते-पोतियां और भतीजे-भतीजियां) विदेश में, शायद पेरिस में रहते हैं। हालांकि, उनका करीबी परिवार ईरान में ही रहता है।

मंसूरेह सार्वजनिक तौर पर बहुत कम ही नजर आती थीं। अपने पति के दशकों के शासनकाल में उन्होंने हमेशा लो-प्रोफाइल बनाए रखी। लेकिन उनका परिवार काफी प्रभावशाली रहा है। मंसूरेह के पिता मोहम्मद इस्माइल खोजस्तेह बघेरजादेह मशहद के एक जाने-माने कारोबारी थे। वहीं, उनके भाई हसन ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (IRIB) में डिप्टी डायरेक्टर रह चुके हैं।

खामेनेई की बेटियां बोशरा और होडा शादीशुदा हैं। खामेनेई के कई पोते-पोतियां हैं, लेकिन उनकी पहचान कभी भी सार्वजनिक नहीं की गई। खामेनेई सार्वजनिक जीवन में एक बेहद ताकतवर शख्सियत के तौर पर जाने जाते थे, लेकिन उन्होंने अपनी पारिवारिक जिंदगी को हमेशा बाहरी दुनिया और प्रचार से बहुत सावधानी से दूर रखा।

जब अमेरिका-इज़राइल ने की थी खामेनेई की मौत की घोषणा

इससे पहले, ईरान के ठिकानों पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बाद खुद अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबर आई थी। वॉशिंगटन और तेल अवीव ने दावा किया था कि तेहरान पर हुए ज्वाइंट हमले में उनकी मौत हो गई है। इसके बाद 1 मार्च को ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) ने भी रिपोर्ट किया था, "ईरान के सर्वोच्च नेता शहीद हो गए हैं।"