Kanpur Sex Racket Case: कानपुर में खुद को पत्रकार बताने वाले रोहित वर्मा की गिरफ्तारी के बाद सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में 19 होटलों का नेटवर्क सामने आया है। कोलकाता की महिला की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच में कई सफेदपोशों और पुलिस कनेक्शन की भी जांच हो रही है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सेक्स रैकेट के एक बड़े मामले ने पुलिस और प्रशासन को हिला कर रख दिया है। खुद को पत्रकार बताने वाले रोहित वर्मा की गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा दिखाई दे रहा है। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर बाहर से लड़कियों को बुलाया जाता था और फिर उनका शोषण किया जाता था।
कोलकाता की महिला की शिकायत से खुला मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत कोलकत्ता की एक महिला की शिकायत से हुई। महिला ने आरोप लगाया कि नौकरी के बहाने उसे बुलाया गया और उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुद को पत्रकार बताने वाले रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद जब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आने लगे।
यह भी पढ़ें: देवर-भाभी के अवैध संबंध ने रचा खूनी खेल, अपने ही पति को... हैरान कर देगा बांदा का ये मामला!
मोबाइल से मिला 19 होटलों का कनेक्शन
पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल को गिरफ्तारी के बाद रोहित वर्मा का मोबाइल फोन खंगाला गया। जांच के दौरान मोबाइल से शहर के 19 प्रमुख होटलों की सूची मिली। आरोप है कि इन होटलों में बाहर से बुलाई गई महिलाओं को ठहराया जाता था और वहीं से देह व्यापार का पूरा नेटवर्क चलाया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम बनाई गई है। इस टीम में दो आईपीएस अधिकारी और कई एसीपी शामिल हैं, जो शहर के अलग-अलग होटलों में छापेमारी कर रिकॉर्ड और दस्तावेज जुटा रहे हैं।
पुलिस विभाग के कनेक्शन भी जांच के घेरे में
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि रोहित वर्मा के पुलिस विभाग में कुछ लोगों से करीबी संबंध थे। आरोप है कि इन्हीं संपर्कों की वजह से वह लंबे समय तक अपना अवैध नेटवर्क चलाने में सफल रहा। मामले में संलिप्तता के आरोप सामने आने के बाद दरोगानितिन यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे और किस-किस ने आरोपी को संरक्षण दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए पुराने वीडियो
रोहित वर्मा के जेल जाने के बाद उसके कई पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में वह खुलेआम दबंगई करता दिखाई दे रहा है।
एक वीडियो में वह एक युवक के साथ अभद्र व्यवहार करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वह पुलिस की टोपी पहनकर गाड़ी चलाता दिखाई दे रहा है। इस मामले पर जानकारी देते हुए SM Qasim Abidi ने बताया कि इन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। अगर वीडियो सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी लगाई जाएंगी।
जांच का दायरा बढ़ा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल पूरे मामले की कई एंगल से जांच की जा रही है। होटल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अगर जांच में और लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा में घुसपैठ करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार… कार बरामद, पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज
