जयपुर का 'द फर्न हैबिटैट' होटल भोजन बर्बादी रोकने के लिए बचा हुआ नाश्ता जरूरतमंदों में बांटता है। इस पहल का वीडियो वायरल होने पर होटल की खूब सराहना हो रही है। यह दूसरों के लिए एक मिसाल बन गया है।
जयपुरः खाना बर्बाद होना एक बहुत बड़ी समस्या है। हर दिन होटलों, रेस्टोरेंट्स और यहां तक कि हमारे घरों में भी ढेर सारा खाना कूड़े में फेंक दिया जाता है। खासकर होटलों में तो ये समस्या और भी बड़ी है। एक तरफ जहां लोग एक वक्त के खाने के लिए तरसते हैं, वहीं दूसरी तरफ टन के टन खाना बर्बाद हो जाता है। लेकिन हाल ही में जयपुर के एक होटल का वीडियो वायरल हुआ है, जिसने इस समस्या का एक बेहतरीन हल निकाला है।
होटल ने जीता लोगों का दिल
- यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @sachinnancyvlogs नाम के हैंडल से शेयर किया गया है। होटल की एक छोटी सी कोशिश ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वीडियो बनाने वाले शख्स ने बताया कि वो जयपुर के जिस होटल में रुके थे, वहां सुबह का नाश्ता इस तरह बांटा जा रहा था। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "भारत में कोई भूखा नहीं रहेगा।"
- वीडियो को होटल के कमरे की खिड़की से शूट किया गया है। इसमें होटल के कर्मचारी अपनी यूनिफॉर्म में सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं। वो सड़क से गुजरने वाले लोगों को खाने के पैकेट दे रहे हैं। इनमें ड्राइवर, साइकिल सवार और पैदल चलने वाले लोग भी शामिल हैं।
वीडियो देख लोग बोले-क्या शानदार आइडिया है
- यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया। एक यूजर ने कमेंट किया, "क्या शानदार आइडिया है। अगर सभी ऐसा करने लगें, तो कोई भी भूखा नहीं सोएगा। यह दिखाता है कि खाने की बर्बादी को कैसे कम किया जा सकता है।"
- कमेंट्स में ही यूजर्स ने होटल का नाम भी बताया। यह होटल 'द फर्न हैबिटैट, जयपुर' है। होटल में सुबह के नाश्ते में बचा हुआ खाना फेंका नहीं जाता और न ही उसे दोपहर या शाम के लिए रखा जाता है। बल्कि, उसे सड़क पर जरूरतमंद लोगों में बांट दिया जाता है।
असल जिंदगी में यही सही कामयाबी
यूजर्स होटल मालिक की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "होटल के मालिक ने असल जिंदगी में कामयाबी हासिल की है।" एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "हर होटल मालिक और पार्टी करने वालों को ऐसा ही करना चाहिए।" इस वीडियो ने कई लोगों को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने कमेंट में लिखा कि जब भी वे जयपुर जाएंगे, तो इसी होटल में रुकेंगे। यह इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि एक छोटा सा विचार और थोड़ी सी कोशिश कितना बड़ा बदलाव ला सकती है और खाने की बर्बादी को रोक सकती है।


