Israel Iran Warning: इजराइल ने ईरान के लोगों को अगले 12 घंटे तक ट्रेन से सफर न करने की चेतावनी दी है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए सख्त डेडलाइन दी है। अगर समझौता नहीं हुआ तो सैन्य कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच इजराइल ने ईरान के लोगों के लिए एक असामान्य चेतावनी जारी की है। इजराइली सेना ने नागरिकों से अपील की है कि अगले कुछ घंटों तक ट्रेन से यात्रा न करें और रेलवे ट्रैक के आसपास भी न जाएं। इस चेतावनी ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की चेतावनी आमतौर पर तब दी जाती है जब किसी बड़े सैन्य अभियान या संभावित हमले का खतरा हो।
इजराइली सेना की नागरिकों को चेतावनी
इज़राइल रक्षा बल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश जारी करते हुए कहा कि ईरान के नागरिक अपनी सुरक्षा के लिए अगले 12 घंटे तक ट्रेन से यात्रा न करें। सेना ने कहा कि अभी से लेकर रात 9 बजे (ईरान समय) तक पूरे देश में ट्रेन और रेलवे लाइनों के आसपास रहना भी खतरनाक हो सकता है। इस चेतावनी में साफ कहा गया कि रेलवे ट्रैक के पास मौजूदगी भी जान के लिए जोखिम बन सकती है। इस बयान के बाद क्षेत्र में संभावित सैन्य गतिविधियों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
यह भी पढ़ें: IIT Baba Abhay Singh ने की शादी, Engineer Wife के साथ बताया क्या है आगे का लक्ष्य
ट्रम्प की ईरान को सख्त चेतावनी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को लेकर कड़ा बयान दिया है। ट्रम्प ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो ईरान को “एक ही रात में खत्म किया जा सकता है।” उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह तय समय तक अमेरिका से समझौता नहीं करता तो सैन्य कार्रवाई कभी भी हो सकती है।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दी गई डेडलाइन
ट्रम्प की मुख्य शर्त यह है कि ईरान तुरंत होरमुज़ जलसंधि को खोले। यह दुनिया का बेहद अहम समुद्री रास्ता है, जहां से वैश्विक तेल सप्लाई का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। ट्रम्प ने इसके लिए मंगलवार रात 8 बजे (वॉशिंगटन समय) तक की डेडलाइन दी है, जो भारतीय समय के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे होती है। व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रम्प ने कहा कि उन्हें लगता है कि बातचीत चल रही है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कोई समझौता हो पाएगा या नहीं।
ईरान ने अस्थायी युद्धविराम का प्रस्ताव ठुकराया
इस बीच ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया है। ईरान का कहना है कि वह केवल स्थायी समाधान चाहता है और उस पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटाया जाना चाहिए।
ईरानी राष्ट्रपति का बड़ा बयान
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने भी इस तनावपूर्ण माहौल में एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश के 1.4 करोड़ से ज्यादा लोग जरूरत पड़ने पर ईरान के लिए अपनी जान देने को तैयार हैं। पजशकियान ने कहा कि वह खुद भी देश के लिए जान देने को तैयार हैं और अगर हालात ऐसे बने तो ईरान के लोग पीछे नहीं हटेंगे। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका की ओर से कड़ी चेतावनी दी जा चुकी है और क्षेत्र में सैन्य तनाव तेजी से बढ़ रहा है।
दुनिया की नजरें अब अगले कुछ घंटों पर
मध्य पूर्व की इस स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। अगर तय समय सीमा के भीतर कोई समझौता नहीं होता, तो आने वाले घंटों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 50 से ज्यादा वीडियो, बड़ा नेटवर्क और अब पुलिस अफसर… Ashok Kharat Case में रोज नया खुलासा


