Fly91 Flight Technical Glitch Video: हैदराबाद से हुबली जा रही Fly91 की फ्लाइट (IC3401) में उस वक्त हड़कंप मच गया जब लैंडिंग के दौरान अचानक आई तकनीकी खराबी के चलते विमान बेकाबू होने लगा। यह फ्लाइट अगले 4 घंटों तक मुंडगोड और शिवमोगा जैसे इलाकों के ऊपर आसमान में ही चक्कर काटती रही। विमान के अंदर का मंजर रूह कपा देने वाला था।
Fly91 Flight Horror Video: हैदराबाद से हुबली जा रही Fly91 की फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब लैंडिंग के दौरान अचानक आई तकनीकी खराबी के चलते प्लेन बेकाबू होने लगा। यह फ्लाइट अगले 4 घंटों तक आसमान में ही चक्कर काटती रही। विमान के अंदर यात्री भगवान से अपनी जान बचाने की प्रार्थना कर रहे थे। उनकी आंखों में डर साफ देखा गया। इस दौरान फ्लाइट में बैठी एक महिला का वीडियो सामने आया है, जो फूट-फूटकर कह रही है, 'बस एक बार मुझे बचा लो।'
जब हवा में अटक गई सांसें
हैदराबाद से हुबली जाने वाली यह फ्लाइट (IC3401) रविवार, दोपहर 3 बजे बिल्कुल सामान्य तरीके से उड़ी थी। शाम 4:30 बजे इसे लैंड करना था, लेकिन जैसे ही प्लेन हुबली के पास पहुंचा, इसमें तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद फ्लाइट अगले 4 घंटों तक मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोगा के ऊपर चक्कर काटती रही। फ्यूल भी लगभग खत्म हो रहा था। जिसकी वजह से यात्रियों का सब्र टूटने लगा।
हाथ जोड़कर प्रार्थना और फूट-फूटकर रोती रही महिला
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला हाथ जोड़कर, आंखें बंद किए सिसक-सिसक कर रो रही है। उसके होंठ बस एक ही प्रार्थना कर रहे हैं, 'भगवान, हमें बचा लो, बस एक बार बचा लो।' पीछे से कोई चिल्ला रहा था, 'ओह माय गॉड... पायलट ऐसा क्यों कर रहा है?' डरे हुए यात्रियों को कोई ढांढस बंधा रहा था, 'रो मत, कुछ नहीं होगा, बस थोड़ा सब्र करो।'
'हमें कहीं भी उतार दो, बस नीचे उतारो'
डर इतना ज्यादा था कि यात्रियों ने पायलट से गिड़गिड़ाना शुरू कर दिया। कोई कह रहा था कि हमें वापस बेंगलुरु ले चलो, तो कोई बेलगाम में ही उतारने की विनती कर रहा था। पायलट बार-बार धैर्य रखने को कह रहे थे, लेकिन पैसेंजर्स मानने को तैयार नहीं थे।
सुरक्षित लैंडिंग और राहत की सांस
तमाम कोशिशों और भगवान की दुआओं के बाद रात करीब 7:30 बजे विमान को बेंगलुरु एयरपोर्ट (Kempegowda International Airport) पर सुरक्षित लैंड कराया गया। जमीन पर कदम रखते ही यात्रियों की जान में जान आई। हालांकि, ग्राउंड पर मौजूद यात्रियों के परिवार वाले एयरलाइन की लापरवाही से बेहद गुस्से में दिखे। उनका आरोप था कि उन्हें कोई सही जानकारी नहीं दी जा रही थी।


