Gurugram Nurse Death Case: गुरुग्राम में शादी के सिर्फ चार महीने बाद नर्स काजल की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। परिवार ने पति पर जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और दहेज हत्या समेत कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।

हरियाणा के गुरुग्राम से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को झकझोर दिया है। शादी के महज चार महीने बाद एक नर्स की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि उसके पति ने ही उसे जहरीला इंजेक्शन लगाकर मौत के घाट उतार दिया।

मृतक की पहचान काजल के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू गांव में अपने पति के साथ रहती थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें: कानपुर रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर! 1 अप्रैल से 43 दिन तक बंद रहेंगी ये 18 ट्रेनें

18 मार्च की सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

परिवार के मुताबिक, 18 मार्च की सुबह काजल और उसके पति अरुण शर्मा के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके कुछ देर बाद अरुण ने काजल को बात करने के बहाने नीचे बुलाया। रिपोर्ट के अनुसार, करीब सुबह 9:15 बजे के आसपास काजल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसकी नाक से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गई।

घबराए परिवार वाले तुरंत उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसे आगे इलाज के लिए सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घर में मिली सिरिंज, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

काजल की मौत के बाद जब परिवार वालों ने घर की तलाशी ली तो उन्हें बाथरूम में एक सिरिंज मिली। परिवार का आरोप है कि उसी सिरिंज से काजल को जहरीला इंजेक्शन लगाया गया था। परिजनों ने यह भी दावा किया कि अरुण को नशे की लत थी और जब भी काजल उसे शराब या नशा करने से रोकती थी तो दोनों के बीच झगड़ा हो जाता था। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर भी काजल को परेशान किया जा रहा था।

भागने की कोशिश में था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। आरोपी पति अरुण शर्मा, जो मूल रूप से Ghaziabad का रहने वाला है, घटना के बाद शहर से भागने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने उसे एक रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर काजल को जहरीले पदार्थ का इंजेक्शन लगाने की बात स्वीकार की है। फिलहाल उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

डॉक्टरों के अनुसार, काजल के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत की असली वजह जानने के लिए विसरा के सैंपल सुरक्षित रखकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत की सही वजह क्या थी।

शादी के बाद से ही बढ़ गया था तनाव

परिवार के अनुसार, काजल और अरुण ने करीब चार महीने पहले ही लव मैरिज की थी। लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया था। परिजनों का दावा है कि 17 मार्च को भी अरुण ने शराब के नशे में काजल के साथ मारपीट की थी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े तार? पाकिस्तान भेजी जा रही थी जानकारी! UP में जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश