Goa Accident News: एक तेज रफ्तार मिनी कूपर ने सिर्फ बाइक को टक्कर मारी या इसके पीछे लापरवाही की बड़ी कहानी छिपी है। गोवा के डोना पाउला में नाइट शिफ्ट से लौट रही 23 वर्षीय होटल कर्मचारी की मौत, साथी गंभीर! बिजनेसमैन के बेटे की गिरफ्तारी के बाद उठे सवाल-क्या स्पीड, पावर और नियमों की अनदेखी बनी मौत की वजह?
Goa Mini Cooper Crash News: गोवा के खूबसूरत लेकिन व्यस्त इलाके डोना पाउला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार लग्ज़री कार-मिनी कूपर-ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक 23 साल की युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। इस घटना ने सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

नाइट शिफ्ट से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
मृतका की पहचान दीक्षा परवाडकर के रूप में हुई है, जो एक फाइव-स्टार होटल में काम करती थीं। वह अपने सहकर्मी डी. अरुण कुमार (26) के साथ नाइट शिफ्ट खत्म करके घर लौट रही थीं। यह दुर्घटना रविवार रात को यहां के पास डोना पाउला इलाके में हुई। रात के वक्त खाली सड़क पर फर्राटा भर रही तेज रफ्तार कार ने दीक्षा की जिंदगी खत्म कर दी।

मिनी कूपर की टक्कर-कितनी तेज थी रफ्तार?
पुलिस के मुताबिक, कार चला रहा युवक डेरियस डायस (22) है, जो एक बड़े बिजनेसमैन का बेटा बताया जा रहा है। कार पर अस्थायी नंबर प्लेट थी, जिससे यह भी सवाल उठता है कि गाड़ी पूरी तरह रजिस्टर्ड नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की स्पीड काफी ज्यादा थी, जिससे टक्कर बेहद खतरनाक हो गई।

आरोपी की गिरफ्तारी और जांच में नए सवाल
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। टक्कर के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दीक्षा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अरुणकुमार की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर लगातार उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। गोवा जैसे पर्यटन स्थल पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती हैं। अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।


