उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 3 नाबालिग बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मौके से “सॉरी पापा” लिखा 8 पन्नों का नोट मिला। मोबाइल पर रोक और कोरियन कल्चर से गहरे जुड़ाव की बात जांच में सामने आई है।

Ghaziabad 3 Sisters Suicide: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में बुधवार तड़के करीब 2:15 बजे बेहद दुखद घटना सामने आई। उत्तर प्रदेश के भारत सिटी इलाके में रहने वाली 3 बहनों ने नौवीं मंजिल के अपार्टमेंट से छलांग लगा दी। मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था, “Sorry, Papa”।

मोबाइल फोन को लेकर नाराजगी की बात आई सामने

कथित तौर पर पाखी (12), प्राची (14) और विशिका (16) अपने पिता द्वारा मोबाइल फोन लेने से नाराज थीं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें मोबाइल इस्तेमाल करने से रोका गया था।

आधी रात को बालकनी से कूदीं तीनों बहनें

आधी रात के बाद तीनों बहनें बालकनी में गईं, दरवाजा अंदर से बंद किया और एक-एक करके खिड़की से कूद गईं। उनकी चीखें और गिरने की तेज आवाज सुनकर माता-पिता, पड़ोसी और सिक्योरिटी गार्ड जाग गए। जब तक माता-पिता ने बालकनी का दरवाजा तोड़ा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस की पुष्टि: मौके पर ही तीनों की मौत

असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस अतुल कुमार सिंह ने बताया, मौके पर पहुंचने पर पता चला कि चेतन कुमार की तीनों बेटियों की इमारत से कूदने के बाद मौत हो चुकी थी। सुबह के विज़ुअल्स में तीनों के शव जमीन पर पड़े दिखे, मां रोती हुई नजर आईं और आसपास लोगों की भीड़ जमा थी।

कोरियन कल्चर से गहरा जुड़ाव

रिपोर्ट्स के अनुसार, तीनों बहनें कोरियन कल्चर की बहुत बड़ी फैन थीं। उन्होंने अपने कोरियन नाम भी रखे हुए थे और बताया जा रहा है कि उन्होंने दो साल पहले स्कूल जाना बंद कर दिया था। पुलिस को एक 8 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जो एक पॉकेट डायरी में लिखा गया था। नोट में लिखा था, इस डायरी में जो कुछ लिखा है, वह सब सच है। अभी पढ़ो। मुझे बहुत अफसोस है। सॉरी, पापा।” इसके साथ ही हाथ से बना एक रोता हुआ इमोजी भी था।

पापा सॉरी, कोरिया हमारी जिंदगी है..

लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने बताया कि यह कोरियन कल्चर की लत जैसा मामला लगता है। चेतन कुमार के मुताबिक, बेटियों ने लिखा- पापा सॉरी, कोरिया हमारी जिंदगी है, कोरिया हमारा सबसे बड़ा प्यार है। आप कुछ भी कहो, हम इसे छोड़ नहीं सकते। नोट में यह भी लिखा था कि परिवार ने उन्हें कोरियन लोगों से दूर करने की कोशिश की थी।

K-Pop और कोरियन कंटेंट में पूरी तरह डूबी थीं

पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें K-Pop, कोरियन फिल्में, म्यूजिक, शॉर्ट फिल्में, शो और वेब सीरीज में बेहद ज्यादा डूबी हुई थीं। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस निमिश पटेल ने बताया कि मोबाइल पर लगी पाबंदी का उन पर गहरा असर पड़ा था। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में कोरियन कल्चर का साफ जिक्र है।

कोविड के दौरान लगी मोबाइल की लत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, COVID-19 महामारी के दौरान उन्हें मोबाइल फोन की लत लगी। इसके बाद वे स्कूल में अनियमित रहीं और फिर पूरी तरह से स्कूल जाना बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार, चेतन कुमार की दो शादियां हुई हैं और वह दोनों पत्नियों व सभी बेटियों के साथ रहते थे। मरने वाली दो लड़कियां एक पत्नी की बेटियां थीं, जबकि तीसरी उनकी सौतेली बहन थी।

हेल्पलाइन

यदि आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो मदद उपलब्ध है।

वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ

9999666555, help@vandrevalafoundation.com

TISS iCALL

022-25521111 (सोमवार-शनिवार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।