दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब घोटाला केस में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को बरी कर दिया। 549 पेज के फैसले में गड़बड़ी के सबूत नहीं मिले। CBI ने फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी है।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। अदालत ने शराब घोटाला केस में केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को बरी कर दिया है। बरी होने वालों में पूर्व सांसद और केसीआर की बेटी के. कविता का नाम भी शामिल है। हालांकि, निचली कोर्ट के इस फैसले को CBI ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है।
549 पेज के फैसले में कोर्ट ने क्या कहा?
कोर्ट ने अपने 549 पेज के फैसले में साफ कहा कि नई शराब नीति बनाने में किसी तरह की गड़बड़ी के ठोस सबूत नहीं मिले। कोर्ट ने यह भी माना कि जांच के दौरान कई आरोप साबित नहीं हो सके। साथ ही अदालत ने सीबीआई के जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। फैसले के बाद इमोशनल हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, केजरीवाल कट्टर ईमानदार है।
शराब घोटाला केस का AAP पर असर
शराब घोटाले के आरोपों से आम आदमी पार्टी को बहुत नुकसान पहुंचा। यहां तक कि खराब छवि के चलते उसे न सिर्फ दिल्ली चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा, बल्कि पार्टी के कई बड़े नेता लंबे समय तक जेल में भी रहे। जानते हैं 'आप' के किस नेता ने कितने दिन जेल काटी।
1- विजय नायर: 658 दिन जेल
आम आदमी पार्टी के पूर्व कम्युनिकेशन हेड विजय नायर को 14 नवंबर 2022 को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें 2 सितंबर 2024 को जमानत मिली। यानी वे करीब 658 दिन यानी 23 महीने तक जेल में रहे।
2- मनीष सिसोदिया: 510 दिन जेल
आप के नंबर 2 नेता मनीष सिसोदिया को फरवरी 2023 में गिरफ्तार किया गया था। वे 510 दिन यानी करीब 17 महीने जेल में रहे।
3- अरविंद केजरीवाल: 177 दिन जेल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED ने मार्च 2024 में गिरफ्तार किया था। वे लगभग 6 महीने, यानी 177 दिन जेल में रहे। इसमें चुनाव प्रचार के लिए मिला अंतरिम जमानत का समय शामिल नहीं है।
4- संजय सिंह: 181 दिन जेल
राज्यसभा सांसद संजय सिंह करीब 6 महीने यानी 181 दिन तक जेल में रहे। बाद में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली।
5- के. कविता : 150 दिन जेल
बीआरएस नेता और पूर्व सांसद के. कविता इस मामले में करीब 5 महीने यानी 150 दिन तक जेल में रहीं। बाद में उन्हें भी जमानत मिल गई थी।


