कोलंबिया में सेना का C-130 हरक्यूलिस विमान टेकऑफ के दौरान क्रैश हो गया। विमान में 100 से अधिक जवान सवार थे, जिससे भारी जनहानि की आशंका है। फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं है, राहत कार्य जारी है।

कोलंबिया में एक बड़ा सैन्य विमान हादसा सामने आया है। यहां सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे पूरे देश में चिंता का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, यह C-130 Hercules विमान था, जिसमें 100 से अधिक लोग सवार थे। सभी यात्री सेना से जुड़े जवान बताए जा रहे हैं। यह हादसा दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में पेरू सीमा के पास प्यूर्टो लेगुइजामो इलाके में हुआ।

उड़ान भरते समय हुआ हादसा

यह दुर्घटना उस समय हुई, जब विमान प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भर रहा था। टेकऑफ के दौरान ही किसी तकनीकी या अन्य कारण से विमान क्रैश हो गया। विमान में बड़ी संख्या में जवान सवार होने के कारण इस हादसे में भारी जनहानि की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मृतकों या घायलों की आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 57 सैनिकों को जिंदा बचा लिया गया है। 

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन और सेना की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रही हैं। जल्द ही अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज के मुताबिक, विमान टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जब वह सुरक्षा बलों के जवानों को लेकर जा रहा था। उन्होंने बताया कि हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं, अभी साफ-साफ बता पाना मुश्किल है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। घटना के बाद राहत और बचाव दलों को मौके पर भेजा गया है और स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

कोलंबियाई राष्ट्रपति बोले, जवानों की सुरक्षा सबसे जरूरी

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने विमान हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा, यह एक गंभीर हादसा है और हम उम्मीद कर रहे हैं कि इसमें किसी की जान न गई हो। पेट्रो ने कहा कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। हमारे लिए जवानों की सुरक्षा सबसे अहम है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सेना को मजबूत बनाने और बेहतर सुविधाएं देने पर काम कर रही है, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों। पेट्रो ने कहा, अगर नागरिक या सैन्य अधिकारी इस चुनौती के अनुरूप काम नहीं कर पाए, तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। राष्ट्रपति ने कहा कि सेना के लिए नए हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी-ड्रोन सिस्टम तत्काल खरीदने की जरूरत है, ताकि सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।