CM Yogi News: गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी मामले में गलत रिपोर्ट पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष निस्तारण अनिवार्य बताया।

CM Yogi Janata Darshan: योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिया है कि किसी भी मामले की जांच में यदि जानबूझकर गलत रिपोर्ट लगाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गलत रिपोर्ट पर FIR के निर्देश: प्रशासन और पुलिस को चेतावनी

शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुछ लोगों ने शिकायत की कि उनके मामलों में गलत रिपोर्ट लगाई गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत जांच कर दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर प्रकरण को जानबूझकर लंबित रखा गया है या पीड़ित की मदद में शिथिलता बरती गई है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की हीलाहवाली स्वीकार नहीं की जाएगी।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण तय समय सीमा में और पूरी निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। जमीन कब्जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने कानून के अनुसार कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता: मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद

जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त आर्थिक मदद दी जाएगी, ताकि किसी मरीज का इलाज पैसे की कमी से न रुके।

बच्चों पर स्नेह, शिक्षा के लिए प्रेरणा

कार्यक्रम में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री ने उन्हें स्नेह दिया। उन्होंने बच्चों को दुलारा, चॉकलेट बांटी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

गोरखनाथ मंदिर प्रवास: गोशाला में की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या पारंपरिक रही। गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा अर्पित करने के बाद वह मंदिर परिसर का भ्रमण करने निकले। मंदिर की गोशाला में पहुंचकर उन्होंने गोसेवा की और गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने गोवंश के प्रति स्नेह भी व्यक्त किया।