चीन ने अरुणाचल प्रदेश में 27 जगहों के नाम बदल दिए हैं। भारत ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा है कि अरुणाचल देश का अटूट हिस्सा है और ऐसी हरकतों से हकीकत नहीं बदलेगी।
नई दिल्ली: चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश में जगहों के नाम बदलने की अपनी पुरानी आदत दोहराई है। इस बार चीन ने 27 जगहों, पहाड़ों और नदियों के नाम बदल दिए हैं। भारत ने इस पर चीन को कड़ा संदेश दिया है।
भारत का करारा जवाब
भारत ने साफ कहा है कि अरुणाचल प्रदेश हमेशा से भारत का हिस्सा था और है। नाम बदलने या झूठी कहानियां गढ़ने से यह सच्चाई नहीं बदल जाएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'भारत अपने हिस्से की जगहों को मनगढ़ंत नाम देने की चीन की किसी भी घटिया कोशिश को सिरे से खारिज करता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'झूठे दावे करने और बेबुनियाद बातें फैलाने से यह सच नहीं बदल जाएगा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का एक अभिन्न अंग है। चीन की ये हरकतें भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिशों में रुकावट डालती हैं।' जायसवाल ने चीन को नसीहत देते हुए कहा कि जब दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधारने की कोशिश हो रही है, तो चीन को ऐसे काम नहीं करने चाहिए जिनका गलत असर पड़े।
