भ्रष्टाचार में सस्पेंड बिहार के SDPO गौतम कुमार की नौकरानी पारो करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई है। वह अफसर की 80 करोड़ की बेनामी संपत्ति की मालकिन थी। गौतम इस पैसे से अपनी गर्लफ्रेंड को चुनाव लड़वाना चाहता था।

बिहार: बिहार के किशनगंज में तैनात SDPO (सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर) गौतम कुमार की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। करप्शन के आरोप में सस्पेंड हुए इस अफसर की काली कमाई का राज़ उनकी नौकरानी पारो के पास था, जो अब करोड़ों रुपये लेकर फरार है। शुरुआत में जांच टीम को पारो पर कोई शक नहीं था। लेकिन सोशल मीडिया पर उसके वायरल रील्स ने पूरी कहानी ही पलट दी। एक मामूली नौकरानी की ऐसी आलीशान ज़िंदगी देखकर पुलिस भी चौंक गई। पारो कभी महंगी थार SUV चलाती दिखती, तो कभी रॉयल एनफील्ड बाइक पर घूमती। कुछ वीडियो में तो वह नोटों की गड्डियों को चूमते और हवा में उड़ाते हुए भी नज़र आई। जब इन रील्स की जांच हुई, तो पता चला कि पारो कोई मामूली नौकरानी नहीं, बल्कि अफसर गौतम कुमार की 'बेनामी' दौलत की मालकिन है।

करोड़ों की दौलत लेकर कहां गई पारो?

जैसे ही गौतम कुमार पर जांच का शिकंजा कसना शुरू हुआ, पारो और उसका परिवार करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति के साथ गायब हो गया। पुलिस को इस बात का पता भी केस शुरू होने के कई महीने बाद चला। अब इतनी बड़ी दौलत के साथ पारो कहां गायब हो गई, यह पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द बन गया है।

अफसर का 'राजनीतिक' सपना!

महीनों की जांच के बाद अप्रैल में गौतम कुमार के खिलाफ केस दर्ज हुआ और उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। जांच में पटना, किशनगंज और पूर्णिया में उनके नाम पर करीब 80 करोड़ रुपये से ज़्यादा की बेनामी संपत्ति का पता चला है। यह भी सामने आया है कि गौतम कुमार इस पैसे से अपनी गर्लफ्रेंड को चुनाव लड़वाने की तैयारी कर रहे थे। उनका प्लान था कि पैसे के दम पर किशनगंज विधानसभा सीट 'खरीदकर' गर्लफ्रेंड को MLA बना दें। 2030 में अपने रिटायरमेंट के बाद वह खुद भी राजनीति में उतरना चाहते थे। कुल मिलाकर, भ्रष्टाचार के पैसे से अपना राजनीतिक साम्राज्य बनाने निकले अफसर को उनकी ही नौकरानी ने तगड़ा झटका दे दिया है।