Bihar Board 10th Result 2026: बिहार बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट 2026 जारी हो गया है। इस साल दो छात्राओं ने 98.40% अंक के साथ टॉप किया है। टॉपर्स को 2 लाख रुपये, लैपटॉप, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। साथ ही मेधा छात्रवृत्ति बढ़ाकर ₹2000 प्रतिमाह कर दी गई है।
Bihar Board 10th Result 2026: बिहार में मैट्रिक परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों का इंतजार आखिर खत्म हो गया। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वर्ष 2026 का मैट्रिक रिजल्ट जारी कर दिया है। रिजल्ट आते ही टॉपर्स की चर्चा पूरे राज्य में शुरू हो गई है। इस बार खास बात यह रही कि दो छात्राओं ने बराबर अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया है।
बोर्ड ने टॉप करने वाले छात्रों के लिए इनाम और छात्रवृत्ति की घोषणा भी की है। टॉप 10 में आने वाले कुल 139 छात्रों को लैपटॉप, मेडल, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से किया टॉप
इस साल मैट्रिक परीक्षा में दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है।
- जमुई के सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पुष्पांजलि कुमारी
- वैशाली के उच्च माध्यमिक विद्यालय की सबरिन परवीन
इन दोनों ने 492 अंक हासिल किए हैं, जो कुल मिलाकर 98.40 प्रतिशत है। दोनों को बिहार बोर्ड की ओर से 2-2 लाख रुपये का नकद इनाम, लैपटॉप, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका के साथ मध्यस्थता के लिए राजी, लेकिन ट्रंप को माननी होंगी ये 5 शर्तें, किसकी भूमिका अहम?
दूसरे और तीसरे स्थान पर कौन रहा
मैट्रिक परीक्षा में दूसरा स्थान भी शानदार अंकों के साथ हासिल किया गया है।
दूसरा स्थान: बेगूसराय की नाहिद सुलताना, 97.8 प्रतिशत अंक
- इनको 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
तीसरा स्थान: अनुपा कुमारी, ओम कुमार, दोनों ने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इन्हें 1-1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
चौथे से दसवें स्थान तक के छात्रों को भी मिलेगा इनाम
बिहार बोर्ड ने टॉपर्स को प्रोत्साहित करने के लिए चौथे से लेकर दसवें स्थान तक आने वाले छात्रों के लिए भी पुरस्कार तय किया है।
इन छात्रों को मिलेगा:
- 20 हजार रुपये की नकद राशि
- एक लैपटॉप
- मेडल
- प्रशस्ति पत्र
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इस साल पहले 10 रैंक में आने वाले कुल 139 छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
2025 से दोगुनी कर दी गई इनामी राशि
बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर के अनुसार, वर्ष 2025 से टॉपर्स को मिलने वाली पुरस्कार राशि दोगुनी कर दी गई है। इसका उद्देश्य मेधावी छात्रों को आगे पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।
मेधा छात्रवृत्ति में भी बढ़ोतरी
बिहार बोर्ड की ओर से टॉपर्स को देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेधा छात्रवृत्ति भी दी जाती है। पहले छात्रों को ₹1200 प्रति माह छात्रवृत्ति मिलती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर ₹2000 प्रति माह कर दिया गया है।
कितने समय तक मिलेगी छात्रवृत्ति
- अगर छात्र 11वीं और 12वीं में किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में पढ़ाई करते हैं, तो उन्हें 24 महीने तक ₹2000 प्रति माह छात्रवृत्ति मिलेगी।
- अगर छात्र तकनीकी डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लेते हैं, तो कोर्स पूरा होने तक ₹2000 प्रति माह छात्रवृत्ति दी जाएगी।
छात्रों के लिए क्या है इसका मतलब
बिहार बोर्ड का यह कदम उन छात्रों के लिए बड़ी राहत और प्रोत्साहन है जो आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। नकद इनाम, लैपटॉप और छात्रवृत्ति से उन्हें आगे की पढ़ाई में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: BSEB 10th Result 2026: किन टॉपर्स को मिलेगा ₹2,000/माह-कैसे डाउनलोड करें रिजल्ट? सब कुछ जानें यहां
