बेंगलुरु की एक कॉलेज छात्रा PTM के लिए किराए पर माता-पिता ढूंढ रही है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर 40+ उम्र और अच्छी अंग्रेजी बोलने वालों को ₹15,000 देने की पेशकश की है। यह पोस्ट वायरल हो गया है और लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।
पेरेंट्स-टीचर मीटिंग यानी PTM का नाम सुनते ही अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। यह वो दिन होता है जब टीचर और पेरेंट्स बच्चों की पढ़ाई, उनकी शरारतों और टैलेंट पर बात करते हैं। एग्जाम खत्म होने के बाद लगभग हर स्कूल-कॉलेज में PTM होती है। PTM की तारीख आते ही बच्चों की धड़कनें बढ़ जाती हैं। फिल्मों में तो आपने कई बार देखा होगा कि हीरो या हीरोइन नकली मम्मी-पापा को लेकर स्कूल पहुंच जाते हैं। लेकिन अब असल जिंदगी में भी ऐसा हो रहा है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
किराए पर चाहिए मम्मी-पापा
बेंगलुरु के एक कॉलेज में पढ़ने वाली स्टूडेंट किराए पर माता-पिता की तलाश कर रही है। दरअसल, उसके कॉलेज में PTM होने वाली है, जिसके लिए उसे पेरेंट्स बनकर आने वाले लोग चाहिए। लड़की ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर किराए के मम्मी-पापा को पैसे देने की बात भी कही है। उसका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर न सिर्फ वायरल हो गया है, बल्कि इस पर मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई है।
पोस्ट में क्या लिखा है?
पोस्ट का टाइटल है, "इंदिरानगर में नकली माता-पिता की तलाश है।" पोस्ट में आगे लिखा है, "मैं कॉलेज में पढ़ती हूं। कॉलेज में PTM होने वाली है, जिसके लिए मुझे नकली पेरेंट्स चाहिए। उन्हें मेरे साथ PTM में चलना होगा। अगर आपकी उम्र 40 साल से ज्यादा है और आप फर्राटेदार अंग्रेजी बोल सकते हैं, तो मुझसे संपर्क करें। मेरा बॉयफ्रेंड इसके लिए 15,000 रुपये देने को तैयार है।"
यूजर्स के मजेदार कमेंट्स
सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया है। कई लोग इसे मजाक में ले रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, "मेरे पिता रिटायर हो चुके हैं और एक्स्ट्रा इनकम का जरिया ढूंढ रहे हैं।" एक दूसरे यूजर ने पूछा, "आपकी सारी शर्तें तो पूरी नहीं होतीं, थोड़ा-बहुत बदलाव चलेगा? हम आ सकते हैं क्या?" एक ने लिखा, "मेरी उम्र 34 साल है, दाढ़ी-मूंछ में सफेदी आ गई है, यह चलेगा क्या?" वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया, “मेरी उम्र 40 तो नहीं, अभी 31 है। लेकिन तजुर्बा बहुत है, मैं आ जाऊंगा।”
कई यूजर्स तो बिना पैसों के सिर्फ मजे के लिए आने को तैयार हो गए। एक ने पूछा, "हमें पैसे नहीं चाहिए, हम तो बस मजे के लिए यह करेंगे, आ सकते हैं क्या?" एक और ने लिखा, "उम्र कम है, मेकअप करना पड़ेगा लेकिन पैसे नहीं चाहिए।"
एक यूजर ने तो साल 2003 का अपना अनुभव भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, "2003 में मेरे एक दोस्त ने ऐसा ही किया था। उसने अपने रसोइए को, जो अच्छी अंग्रेजी बोलता था, अपना पिता बताकर कॉलेज ले गया था। शनिवार का दिन था तो रसोइए की छुट्टी थी और उसने बहुत बढ़िया एक्टिंग की। लेकिन एक हफ्ते बाद दोस्त के असली पापा कॉलेज पहुंच गए थे।" वहीं कुछ लोगों के लिए यह बात बड़ी दिलचस्प थी कि कॉलेज में भी PTM होती है। उन्होंने सवाल किया, "हम तो सोचते थे कि ये सिर्फ 10वीं तक होता है, कॉलेज में भी होता है क्या?"
