Bangladesh Facts: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए 51 पार्टियां मैदान में हैं और 12.7 करोड़ वोटर मतदान कर रहे हैं। आबादी में यह उत्तर प्रदेश से छोटा है, लेकिन दुनिया का 8वां सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है। आइए जानते हैं इसके दिलचस्प फैक्ट्स...
Bangladesh Surprising Facts: बांग्लादेश में इस समय सियासी हलचल चरम पर है। 51 राजनीतिक पार्टियां चुनावी मैदान में हैं और करीब 12.7 करोड़ वोटर नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश से भी काफी छोटे इस देश के चुनाव पर दुनियाभर की नजरें हैं। यूपी की जनसंख्या करीब 24.12 करोड़, जबकि बांग्लादेश में लगभग 17.36 करोड़ लोग रहते हैं। इसके बावजूद यह दुनिया का 8वां सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है। जमीन के लिहाज से देखें तो यह दुनिया में 92वें नंबर पर है, यानी क्षेत्रफल छोटा है। आइए जानते हैं बांग्लादेश के 7 ऐसे दिलचस्प फैक्ट्स, जो आपको हैरान कर देंगे।
दुनिया का सबसे बड़ा मैंग्रोव जंगल यहीं है
बांग्लादेश का सुंदरबन दुनिया का सबसे बड़ा मैंग्रोव जंगल माना जाता है। यह गंगा, ब्रह्मपुत्र और मेघना नदियों के मिलन वाले इलाके में फैला हुआ है। यहां पानी और जमीन एक साथ दिखते हैं। छोटे-छोटे टापू, कीचड़ वाले हिस्से और संकरे जलमार्ग इसकी खास पहचान हैं। यह इलाका रॉयल बंगाल टाइगर के लिए मशहूर है। इसके अलावा यहां खारे पानी के मगरमच्छ, सांप, डॉल्फिन और 300 से ज्यादा पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। तूफान और चक्रवात का खतरा भी यहां बना रहता है, इसलिए यहां घूमने जाना आसान नहीं है।
75 मील लंबा समुद्र तट
कॉक्स बाजार बीच बांग्लादेश का सबसे चर्चित पर्यटन स्थल है। यह करीब 75 मील तक फैला हुआ है। रेत का लंबा किनारा, लहरों की आवाज और दूर तक खुला आसमान, यह जगह खास एक्सपीरिएंस देती है। बीच के अलग-अलग हिस्सों के अपने नाम हैं, जैसे लाबोनी बीच, इनानी बीच और हुमचरी बीच। जैसे-जैसे आप दक्षिण की ओर बढ़ते हैं, भीड़ कम होती जाती है। यहां घूमने आने वाले लोगों को सादगी वाले कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है, क्योंकि यह एक मुस्लिम बहुल देश है।
700 से ज्यादा नदियों का देश
बांग्लादेश को सही मायनों में नदियों का देश कहा जाता है। यहां लगभग 700 नदियां बहती हैं। गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी एशिया की बड़ी नदियां भी यहां से गुजरती हैं। इन नदियों की वजह से जमीन उपजाऊ है और हरियाली ज्यादा है। गांवों में नाव से सफर करना आम बात है। एक पुरानी स्टीमर सेवा “रॉकेट” आज भी ढाका और खुलना के बीच चलती है। दिलचस्प बात यह है कि 2019 में यहां की सुप्रीम कोर्ट ने नदियों को कानूनी अधिकार दे दिए। अगर कोई नदी को नुकसान पहुंचाता है, तो उसके खिलाफ केस चल सकता है।
बाढ़ और मौसम का बड़ा असर
बांग्लादेश का बड़ा हिस्सा समुद्र तल से बहुत ज्यादा ऊंचा नहीं है। इसलिए भारी बारिश और मानसून के दौरान कई इलाके पानी में डूब जाते हैं। 2020 की बारिश में देश का लगभग एक चौथाई हिस्सा पानी में आ गया था। लाखों घरों को नुकसान हुआ था। जलवायु बदलाव के कारण भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। यही वजह है कि सरकार नए तरीके खोज रही है ताकि नुकसान कम हो सके।
1971 में बना आजाद देश
बांग्लादेश पहले पूर्वी पाकिस्तान का हिस्सा था। 16 दिसंबर 1971 को आजादी मिली और यह अलग देश बना। आज यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था है और जनता वोट देकर सरकार चुनती है। हर चुनाव यहां के लिए अहम होता है, क्योंकि इससे देश की दिशा तय होती है। इस बार भी करोड़ों लोग मतदान कर रहे हैं।
रॉयल बंगाल टाइगर है पहचान
बांग्लादेश का राष्ट्रीय पशु रॉयल बंगाल टाइगर है। यह ताकत और साहस का प्रतीक माना जाता है। देश में आज भी 300 से 500 के बीच बाघ मौजूद बताए जाते हैं। क्रिकेट टीम के लोगो से लेकर सेना के चिन्ह तक में बाघ की तस्वीर दिखती है। लेकिन शिकार और जलवायु बदलाव के कारण इनकी संख्या खतरे में है।
यहां साल में 6 मौसम आते हैं
बांग्लादेश को छह मौसमों का देश कहा जाता है। यहां गर्मी, बरसात, शरद, हेमंत, सर्दी और बसंत कुल छह मौसम माने जाते हैं। गर्मी में तेज धूप रहती है, बरसात में खूब बारिश होती है, सर्दी में सुबह धुंध रहती है और बसंत के समय मौसम सबसे सुहाना होता है। हर मौसम के साथ अलग त्योहार और परंपराएं जुड़ी हुई हैं।
इसे भी पढ़ें- बांग्लादेश चुनाव से ठीक पहले एक और हिंदू युवक की हत्या, बंधे मिले हाथ-पैर, खतरें में माइनॉरिटी
इसे भी पढ़ें- चुनाव से पहले अडानी ने बढ़ाई बांग्लादेश की बेचैनी, एक वॉर्निंग से ही युनूस सरकार में हड़कंप!
