असम एग्जिट पोल 2026 में BJP की सरकार बनने का अनुमान है। एक्सिस माय इंडिया ने BJP+ को 88-100 और Matrize ने 85-95 सीटें दी हैं। 2021 में भी एग्जिट पोल के अनुमान सटीक साबित हुए थे।
Assam Exit Poll Result 2026: सभी राज्यों में वोटिंग खत्म होने के बाद 29 अप्रैल को तमाम सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल के अनुमान जारी किए। एग्जिट पोल्स के नतीजों के मुताबिक असम में इस बार भी बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। बता दें कि असम में 9 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग हुई थी।
असम में बीजेपी+ को कितनी सीटों का अनुमान
- एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल्स के मुताबिक, असम की कुल 126 सीटों में से बीजेपी+ को 88-100 और कांग्रेस+ को 24-36 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, अन्य के खाते में 0-3 सीटें मिल सकती है।
- वहीं, Matrize के सर्वे में बीजेपी+ 85-95 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस+ 25-32 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 6-12 सीटें जा सकती हैं।
- पीपुल्स पल्स ने बीजेपी को 68-72 और कांग्रेस को 22-26 सीटें दी हैं।
- पी मार्क ने बीजेपी को 82-94 और कांग्रेस को 30-40 सीटें दी हैं।
- चाणक्य स्ट्रैटजी ने भाजपा को 88-98 और कांग्रेस को 22-32 सीटें मिलने की बात कही है।
- पोल डायरी ने बीजेपी को 86-101 और कांग्रेस को 15-26 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
- वोट वाइब ने बीजेपी को 90-101 और कांग्रेस को 23-33 सीटें दी हैं।
- जेवीसी ने बीजेपी को 88-101 और कांग्रेस को 23-33 सीटों का अनुमान जताया है।

असम: 2021 में कैसे थे एग्जिट पोल के अनुमान
2021 के असम विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों में मुख्य रूप से सत्ताधारी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत के बीच मुकाबला दिखाया गया था, जिसमें ज्यादातर एजेंसियों ने एनडीए की सत्ता में वापसी का अनुमान लगाया था। 126 विधानसभा सीटों वाले असम में जीत के लिए 64 सीटों की जरूरत थी। कई प्रमुख सर्वे एजेंसियों ने चुनाव में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने की भविष्यवाणी की थी। हालांकि, कुछ एग्जिट पोल्स ने दोनों गठबंधनों के बीच बेहद कड़ी टक्कर और त्रिशंकु विधानसभा होने का अनुमान जताया था।
एग्जिट पोल्स के बाद क्या थे असल नतीजे
असम में एग्जिट पोल्स का सत्ता वापसी का अनुमान बिल्कुल सटीक साबित हुआ। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने 75 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया और लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत को 50 सीटें मिलीं। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार (अखिल गोगोई) ने जीती।

एग्जिट पोल क्या होता है (What is Exit Poll)
एग्जिट पोल एक तरह का सैंपल सर्वे होता है, जिसे मतदान के तुरंत बाद किया जाता है। इसका मकसद यह समझना होता है कि वोटर्स ने किस पार्टी या उम्मीदवार को वोट दिया और उनका रुझान किस तरफ है।
एग्जिट पोल कैसे किया जाता है (How Exit Poll is Conducted)
एग्जिट पोल के लिए एक तयशुदा प्रश्नावली तैयार की जाती है। इसमें उम्मीदवार, चुनाव क्षेत्र और स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखा जाता है। प्रशिक्षित सर्वे टीम मतदान केंद्रों के बाहर खड़े होकर वोट देकर निकल रहे लोगों से सवाल पूछती है और उनकी राय इकट्ठा करती है।
वोटर्स से कैसे ली जाती है जानकारी (Voter Survey Process)
सर्वे के दौरान वोटर्स से गोपनीय तरीके से उनकी पसंद पूछी जाती है। इसका उद्देश्य उनके मन की बात समझना होता है। इसमें इस बात का खास ध्यान रखा जाता है कि लोगों की पहचान उजागर न हो और वे खुलकर अपनी राय दे सकें।
सैंपलिंग का महत्व (Importance of Sampling in Exit Poll)
एग्जिट पोल में सैंपलिंग बहुत अहम होती है। इसे इस तरह डिजाइन किया जाता है कि इसमें शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों के वोटर्स शामिल हों। इससे समाज के हर वर्ग का सही प्रतिनिधित्व मिल सके और नतीजे ज्यादा संतुलित बन सकें।
डेटा एनालिसिस और अनुमान (Data Analysis and Prediction)
सर्वे के दौरान जुटाए गए डेटा का बाद में विस्तार से विश्लेषण किया जाता है। इसी आधार पर अनुमान लगाया जाता है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं और चुनाव का रुझान किस दिशा में जा सकता है।
एग्जिट पोल कितने सटीक होते हैं (Accuracy of Exit Polls)
एग्जिट पोल के नतीजे मतदान खत्म होने के बाद जारी किए जाते हैं, जिससे एक शुरुआती तस्वीर सामने आती है। हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि हर बार एग्जिट पोल पूरी तरह सही साबित हों। कई बार इनके अनुमान वास्तविक नतीजों से अलग भी हो सकते हैं।


