अमेरिका के एरिज़ोना में 30 साल पहले लापता हुई लड़की ज़िंदा मिली है। 1994 में 13 साल की उम्र में गायब हुई क्रिस्टीना अब 44 साल की हैं। पुलिस ने दशकों पुरानी इस तलाश को अंजाम दिया है, पर उनके बारे में जानकारी गोपनीय रखी है।

एरिज़ोना: अमेरिका के एरिज़ोना से एक ऐसी खबर आई है, जिस पर यकीन करना मुश्किल है। यहां 30 साल पहले गायब हुई एक लड़की अब ज़िंदा मिल गई है। साल 1994 में जब वो गायब हुई थी, तब उसकी उम्र सिर्फ 13 साल थी। अब वह 44 साल की महिला है। पुलिस ने दशकों से चल रही इस तलाश को आखिरकार अंजाम तक पहुंचा दिया है।

अचानक घर से गायब हो गई थी क्रिस्टीना

यह कहानी क्रिस्टीना मैरी प्लांटे की है, जो फीनिक्स के पास स्टार वैली में अपने परिवार के साथ रहती थी। 1994 में एक दिन वह स्कूल से घर लौटी, लेकिन जब उसके माता-पिता घर आए तो क्रिस्टीना वहां नहीं थी। उन्हें लगा कि शायद यहीं कहीं आस-पास गई होगी। लेकिन जब काफी देर तक वह नहीं लौटी तो परिवार की चिंता बढ़ गई।

परिवार वालों ने उसे हर जगह ढूंढा। आस-पड़ोस, पास के शहर, हर जगह तलाश की, लेकिन क्रिस्टीना का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की मदद से खोज तेज हुई, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा।

क्रिस्टीना के माता-पिता इस उम्मीद में हर दिन आस-पास के कस्बों और शहरों में जाते थे कि शायद उनकी बेटी मिल जाए। वे फैक्ट्रियों, दफ्तरों और रेस्टोरेंट तक में जाकर पता करते, लेकिन हर शाम उन्हें निराशा ही हाथ लगती। यह सिलसिला कई सालों तक चलता रहा।

जब क्रिस्टीना का कोई पता नहीं चला, तो पुलिस ने इस केस को अनसुलझा मानकर फाइल बंद कर दी थी। लेकिन अब, 30 साल बाद, क्रिस्टीना ज़िंदा मिल गई है। हालांकि, पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया है कि वह कैसे मिलीं और इतने साल तक कहां थीं। इस जानकारी को फिलहाल गोपनीय रखा गया है।

1994 के दौर में एरिज़ोना और उसके आस-पास के इलाकों में बच्चों की तस्करी एक बड़ी समस्या थी। इसलिए, माता-पिता को डर था कि उनकी बेटी किसी गलत गिरोह के हाथ न लग गई हो। इसी डर ने उन्हें अपनी बेटी को खोजने के लिए हर मुमकिन कोशिश करने पर मजबूर किया। अब क्रिस्टीना के मिलने से इस लंबी और दर्दनाक तलाश का अंत हो गया है।