Agni-5 भारत की अकेली ICBM है। इसका रेंज 5000km से अधिक है। यह करीब 30000 km/h की रफ्तार तक पहुंच सकती है। एक बार में कई परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। दुनिया के टॉप 10 ICBM में इसकी गिनती होती है।
Agni 5 Missile: पिछले दिनों भारत के सबसे खास मिसाइलों में से एक अग्नि 5 का सफल टेस्ट किया गया। यह एक इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) है। ICBM ऐसे मिसाइल को कहते हैं जिनका रेंज 5000km से अधिक हो। अग्नि 5 का रेंज 5 हजार किलोमीटर से अधिक है। इससे परमाणु हमला किया जा सकता है। इसकी रफ्तार 24 मैक (करीब 30 हजार किलोमीटर प्रति घंटा) तक पहुंच जाती है।
क्या है बैलिस्टिक मिसाइल?
मिसाइल दो तरह के होते हैं बैलिस्टिक और क्रूज। बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च करने के बाद बैलिस्टिक ट्रेजेक्टरी को फॉलो करते हैं। इन्हें टारगेट तक पेलोड (जैसे विस्फोटक या परमाणु हथियार) पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है। लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च किए जाने के बाद पहले ऊपर की ओर उड़ते हैं। वे धरती के वायुमंडल से बाहर जाते हैं और अधिकतर दूरी तय करते हैं। टारगेट के करीब आने पर वे फिर से वायुमंडल में गोता लगाते हैं। इस दौरान इनकी रफ्तार सबसे अधिक होती है।
Agni-V मिसाइल की 10 खास बातें
1- Agni-V की लंबाई 17.5 मीटर और मोटाई 2 मीटर है। इसका वजन 50,000kg है। यह 1,100 kg तक का परमाणु हथियार ले जा सकता है।
2- अग्नि-5 तीन स्टेज वाला मिसाइल है। इसमें ठोस इंधन से चलने वाला इंजन लगा है। ठोस इंधन के चलते इसे लॉन्च करने में ज्यादा समय नहीं लगता।
3- अग्नि-5 को ट्रक पर लगे लॉन्चर से दागा जा सकता है। इसके चलते दुश्मन के लिए यह पता करना मुश्किल होता है कि अग्नि-5 को कहां तैनात किया गया है।
4- यह मिसाइल बेहद सटीक है। इसके लिए मिसाइल में रिंग लेजर जायरो-बेस्ड इनर्शियल गाइडेंस सिस्टम लगा है।
5- अग्नि-V एक "कैनिस्टराइज्ड" मिसाइल है। इसे रॉकेट मोटर को चालू करने से पहले एक सीलबंद कैनिस्टर से दबावयुक्त गैस के साथ लॉन्च किया जाता है। इसे कोल्ड लॉन्च सिस्टम भी कहा जाता है।
6- यह सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है। इसे परमाणु और पारंपरिक हथियार से लैस किया जा सकता है।
7- अग्नि-5 के पास MIRV (Multiple Independently Targetable Reentry Vehicle) की क्षमता है। इसका मतलब है कि एक अग्नि 5 मिसाइल अपने साथ एक से अधिक परमाणु बम ले जा सकता है। इससे दुश्मन के कई शहरों पर एक बार में हमला हो सकता है। इसके चलते इसके हमले को रोक पाना और अधिक कठिन हो जाता है।
8- अग्नि-5 मिसाइल का रेंज 5,000 किलोमीटर से अधिक बताया जाता है। इसके रेंज में पाकिस्तान, तुर्की और चीन आते हैं। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि इस मिसाइल की रेंज कम बताई जाती है। इसका रेंज 8000km तक हो सकता है।
9- अग्नि-V भारत की लंबी दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल का 5वां संस्करण है। इसे DRDO ने विकसित किया है।
10- अग्नि-V भारत की पहली ICBM है। इसके साथ भारत अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस, इजराइल, ब्रिटेन और उत्तर कोरिया जैसे देशों के समूह में शामिल हो गया, जिसके पास ICBM बनाने की तकनीक है।
सबसे अधिक लंबी दूरी तक मार करने वाले दुनिया के 10 ICBM
1- UGM-133A Trident II या Trident D5: यह पनडुब्बी से लॉन्च होने वाली मिसाइल है। पूरे लोड के साथ यह 7,800km तक मार करती है। विस्फोटक का वजन कम करने पर इसकी रेंज 12,000 km तक बढ़ जाती है। यह अमेरिका और यूके की नौसेना के पास है।
2- LGM-30G Minuteman III: यह अमेरिकी ICBM 13,000km तक मार करती है। यह कई परमाणु हथियारों को एक साथ ले जा सकती है। मिनटमैन III अमेरिकी परमाणु क्षमता का प्रमुख घटक है। इसे अमेरिका भर में साइलो में तैनात किया गया है।
3-R-36 M2 Voyevoda: यह रूसी मिसाइल है। इसकी मारक क्षमता 11,000 किलोमीटर है। रूस ने इस मिसाइल को अमेरिका पर हमला करने के लिए डिजाइन किया था।
4- RS-24 Yars या Topol-MR: यह रूसी ICBM है। यह MIRV से लैस थर्मोन्यूक्लियर-सशस्त्र मिसाइल है। इसका रेंज 12,000km है।
5- R-29RMU 2.1 Lainer: यह रूसी तरल-ईंधन वाली मिसाइल है जिसे पनडुब्बी से लॉन्च किया जाता है। यह मिसाइल पूरे पेलोड के साथ 8,300km और कम पेलोड के साथ 12,000km दूर तक मार करती है। 12 परमाणु हथियार ले जा सकती है।
6-DF-41: इस चीनी मिसाइल को डोंगफेंग-41 या सीएसएस-20 के नाम से भी जाना जाता है। इसकी रेंज 12,000-15,000km है। ऐसा माना जाता है कि यह 10 MIRV वारहेड तक ले जाने में सक्षम है।
7-Dong Feng 31 (DF-31): इस चीनी मिसाइल का रेंज 8,000 से 11,700km है।
8- JL-3: चीन की इस मिसाइल को पनडुब्बी से लॉन्च किया जा सकता है। इसकी रेंज 9000 से 12000km है।
9- M51: यह फ्रांसीसी बैलिस्टिक मिसाइल है, जिसे पनडुब्बियों से लॉन्च किया जा सकता है। कम वजन के पेलोड के साथ यह 10,000km और पूरे पेलोड के साथ 8,000km तक मार कर सकती है। 6-10 MIRV TN 75 थर्मोन्यूक्लियर वारहेड ले जा सकती है।
10- अग्नि-5: भारत की परमाणु-सक्षम ICBM है। इसकी मारक क्षमता 5,000 किलोमीटर से अधिक है। इसे 1.5 टन परमाणु हथियार ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक साथ कई परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।
