त्रिपुरा में 60 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को संपन्न हो गया। हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मारपीट या उपद्रव की बड़ी घटना की सूचना सामने नहीं आई। लोकतंत्र के पर्व में जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 81 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
- Home
- National News
- त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ चुनाव, 81% हुई वोटिंग
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ चुनाव, 81% हुई वोटिंग
;Resize=(380,220))
अगरतला। त्रिपुरा विधानसभा के 60 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक वोटिंग हुई। 81 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
- FB
- TW
- Linkdin
81 फीसदी हुई वोटिंग
3 बजे तक 69.96 फीसदी मतदान
त्रिपुरा में तीन बजे तक 69.96 फीसदी मतदान हुआ है। एक बजे तक 51.35 फीसदी मतदाताओं ने वोटिंग की थी। त्रिपुरा के कलेक्टर सुमित लोध ने बताया कि 33 काकराबान विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर हाथापाई की सूचना मिली है। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मामले की जांच की है। स्थिति नियंत्रण में है, केस दर्ज कर लिया गया है।
शाम चार बजे मतदान संपन्न
त्रिपुरा में 60 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतदान गुरुवार शाम चार बजे संपन्न हो गया। मतदान केंद्र पर लाइन में लगे लोगों को चार बजे के बाद भी वोट डालने दिया गया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ था।
निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस और भाजपा को भेजा नोटिस
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने त्रिपुरा कांग्रेस और भाजपा को नोटिस भेजा है। यह कार्रवाई आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर अपने दलों के पक्ष में वोट की अपील करने के लिए की गई है।
1 बजे तक 51.35% मतदान
त्रिपुरा में दोपहर एक बजे तक 51.35 फीसदी मतदान हुआ है। गोमती में बीजेपी सांसद और पूर्व सीएम बिप्लब देब ने वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम किसी भी चुनाव को बड़ा या छोटा नहीं मानते। जनता सर्वोच्च है। उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने हमें 2018 में सत्ता दी। कोरोना महामारी के बाद भी हमने राज्य के सभी क्षेत्रों में काम किया।
परेशानी खड़ी कर रहे हैं असामाजिक तत्व
CPIM नेता और पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने आरोप लगाया है कि कहीं-कहीं भाजपा की ओर से असामाजिक तत्व परेशानी खड़ी कर रहे हैं। वे लोगों को बिना डरे वोट डालने से रोक रहे हैं, लेकिन जनता वोट डालने की पूरी कोशिश कर रही है। हमारे लोगों को जो जानकारी मिलती है उसकी सूचना हम मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दे रहे हैं। वह बेहद सकारात्मक तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर क्या कार्रवाई की जाती है इसकी और जांच करने की जरूरत है।
देब बर्मन बोले- 90 फीसदी होगा मतदान
टिपरा मोथा के प्रमुख प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देब बर्मन ने कहा, “मुझे लगता है कि मतदान 90% से अधिक होगा। त्रिपुरा के लोग हमें मौका देंगे। धनपुर और मोहनपुर में सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा हिंसा किए जाने की जानकारी मिली है। ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत भी मिली है। हमारी मांग लोगों को संवैधानिक अधिकार देने की है। इसके बाद हम सीएम चेहरे की बात करेंगे। चुनाव के दिन हर पार्टी कहेगी और मैं भी कहूंगा कि हम 31 सीटें जीत रहे हैं।”
भाकपा समर्थक की हुई पिटाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण त्रिपुरा के 36-शांतिरबाजार निर्वाचन क्षेत्र में कलाचेरा मतदान केंद्र के बाहर एक भाकपा समर्थक की पिटाई की गई है। साउथ त्रिपुरा के एसपी ने कहा कि भाकपा समर्थक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया है। शांतिरबाजार थाने में स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
11 बजे तक 32.06% मतदान
त्रिपुरा में 11 बजे तक 32.06 फीसदी मतदान हुआ है। कुछ जगहों से हिंसा की छिटपुट घटनाओं खबरें आईं हैं।
माणिक सरकार ने डाला वोट
त्रिपुरा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने विधानसभा चुनाव में वोट डाला है।
सुबह 9 बजे तक हुआ 13.23 फीसदी मतदान
त्रिपुरा में सुबह 9 बजे तक 13.23 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ जुटी है। वोट डालने आए लोग लंबी-लंबी लाइनों में लगे हैं।
पीएम ने की रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिपुरा के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने कहा, "मैं विशेष रूप से युवाओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान करता हूं।"
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, "त्रिपुरा के हमारे भाई-बहनों से विकास करने वाली सरकार बनाने के लिए मतदान करने का आग्रह करता हूं। त्रिपुरा में शांति और प्रगति का दौर शुरू हो चुका है। इसे सुचारू रूप से जारी रखने के लिए मतदान करें। बाहर आएं और समृद्ध त्रिपुरा के लिए वोट डालें।"
शांतिपूर्ण मतदान चुनौती
वोटिंग के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा-जनता सुबह से ही मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मत का प्रयोग कर रही है। हमारे लिए यही चुनौती है कि प्रत्येक क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहे हैं लेकिन ये लोग(विपक्ष) कोशिश करेंगे कि ऐसा न हो।
त्रिपुरा सीएम ने की वोटिंग
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बोरडोवली विधानसभा क्षेत्र के महारानी तुलसीबती गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के बूथ नं. 16 में मतदान किया।pic.twitter.com/aXVCt8K8MI
शांतिपूर्ण वोटिंग
त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी गिट्टे किरणकुमार दिनकरराव के मुताबिक, शुरुआती वोटिंग के दौरान राज्य में कहीं भी अप्रिय घटना या ईवीएम में तकनीकी खराबी की जानकारी नहीं मिली। इस पूर्वोत्तर राज्य के 3,337 मतदान केंद्रों में 28.13 वोटर हैं।
सुरक्षा के इंतजाम
त्रिपुरा में 13.53 लाख महिलाओं सहित 28.13 लाख वोटर हैं। उपद्रवियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं को सील कर दिया गया है।
पहली तस्वीर
त्रिपुरा: राज्य के विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हुए। तस्वीरें गोमती के बूथ संख्या 54 के हैं।
संवेदनशील पोलिंग बूथ
1100 पूलिंग बूथ की पहचान संवेदनशील और 28 की पहचान अति संवेदनशील के रूप में की गई है।
मतदान केंद्र
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) जी. किरणकुमार दिनाकरो के मुताबिक 3,337 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान होगा।
बीजेपी ने 55 सीटों पर उतारे हैं उम्मीदवार
बीजेपी IPFT के साथ चुनाव लड़ रही है। बीजेपी ने 55 और IPFT ने 6 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। एक सीट पर दोनों पार्टियों के बीच फ्रेंडली फाइट है। दूसरी ओर वामपंथी पार्टियों का गठबंधन कांग्रेस के साथ है। वामपंथी पार्टियां 47 और कांग्रेस 13 सीट पर चुनाव लड़ रही है। टिपरा मोथा पार्टी ने 42 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। तृणमूल कांग्रेस 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, 58 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।