कन्याकुमारी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बुधवार को अपनी भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तिरंगा पर हमला हो रहा है। भाजपा और आरएसएस भारत को धर्म और भाषा के आधार पर बांट रहे हैं।

कन्याकुमारी में राहुल गांधी ने कहा कि देश की हर एक संस्था पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा तिरंगे को अपनी निजी संपत्ति मानती है। देश सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। बेरोजगारी बहुत अधिक बढ़ गई है। लाखों लोग महसूस करते हैं कि देश को एक साथ लाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। इसलिए हम 'भारत जोड़ो यात्रा' निकाल रहे हैं।

झंडा पर हो रहा हमला
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ लोग झंडे को देखते हैं। उन्हें तीन रंग, एक चक्र और एक कपड़ा दिखाई देता है। वे झंडे को सलाम करते हैं। लेकिन ... यह उससे कहीं अधिक है। हमें यह झंडा आसानी से नहीं मिला। यह हमें गिफ्ट में नहीं मिला था। इसे पाने के लिए भारत के लोगों ने संघर्ष किया था। तिरंगा देश के हर नागरिक और हर व्यक्ति के धर्म और भाषा का प्रतिनिधित्व करता है। तिरंगा झंडा हर भारतीय को सुरक्षा की गारंटी देता है। यह देश के हर व्यक्ति को स्वतंत्र और निष्पक्ष जीवन की गारंटी देता है। यह हर किसी को हर धर्म का पालन करने, हर भाषा बोलने के अधिकार की गारंटी देता है। आज इस झंडे पर हमला हो रहा है।

यह भी पढ़ें- 'भारत जोड़ो यात्रा' की लॉन्चिंग के दिन भड़के भूपेश बघेल, असम के CM पर ताना-'नए मुल्ला ज्यादा प्याज खाते हैं'

उन्होंने कहा कि भाजपा आज हर एक संस्था पर हमला कर रही है। उन्हें लगता है कि यह झंडा उनकी निजी संपत्ति है। उन्हें लगता है कि वे अकेले ही इस देश का भविष्य और इस देश के राज्यों का भविष्य तय कर सकते हैं। उन्हें लगता है कि वे ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स (विभाग) का इस्तेमाल कर विपक्ष को डरा सकते हैं। समस्या यह है कि वे भारतीय लोगों को नहीं समझते हैं। भारतीय लोग डरते नहीं हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने घंटे पूछताछ करते हैं। एक भी विपक्षी नेता भाजपा से नहीं डरने वाला है।

यह भी पढ़ें- 5 की जगह अब 35 साल के लिए लीज पर मिलेगी रेलवे की जमीन, पीएम-श्री स्कूलों के लिए 27,360 करोड़ मंजूर