सार

सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) के 'चीन हमारा दुश्मन नहीं है' बयान पर कांग्रेस (Congress) ने पल्ला झाड़ा। जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने कहा, 'यह पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं है।' बीजेपी (BJP) ने कांग्रेस पर चीन के हित साधने का आरोप लगाया।

Sam Pitroda China Controversy: कांग्रेस (Congress) के ओवरसीज हेड रहे सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में हैं। उनके चीन हमारा दुश्मन नहीं है (China is not our enemy) वाले बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी (BJP) ने कांग्रेस पर तेज हमला बोला है तो कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से दूरी बनाते हुए उसे उनका निजी बयान बताया है।

कांग्रेस ने कहा-पित्रोदा के निजी बयान से पार्टी का कोई लेना देना नहीं

कांग्रेस के कम्युनिकेशन इंचार्ज जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने पित्रोदा के बयान से असहमति जताते हुए X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा: सैम पित्रोदा द्वारा चीन पर व्यक्त किए गए विचार निश्चित रूप से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विचार नहीं हैं। चीन भारत की विदेश नीति, बाहरी सुरक्षा और आर्थिक मामलों की सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।

क्या कहा था सैम पित्रोदा ने?

एक इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा था: हमें यह मानने की आदत बदलनी होगी कि चीन हमारा दुश्मन है। यह केवल चीन ही नहीं बल्कि सभी के साथ होता है। मुझे नहीं लगता कि चीन से कोई विशेष खतरा है। इस मुद्दे को अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है क्योंकि अमेरिका को हमेशा दुश्मन तय करने की आदत होती है।

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला

बीजेपी ने इस बयान को भारत की संप्रभुता और कूटनीति पर हमला बताया। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी (Pradeep Bhandari) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा चीन और पाकिस्तान के हितों को भारत से ऊपर रखती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा कह रहे हैं 'चीन हमारा दुश्मन नहीं'! कांग्रेस का 2008 में चीन के साथ किया गया MoU और चीन के प्रति उनका झुकाव बताता है कि वे हमेशा भारत के हितों की अनदेखी करते हैं।

राहुल गांधी के संसद में दिए बयान से टकराव

सैम पित्रोदा का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा संसद में दिए गए बयान से पूरी तरह विपरीत है जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत ने चीन को अपनी जमीन गंवा दी है। सरकार ने इस दावे को खारिज किया था, लेकिन अब पित्रोदा के बयान से कांग्रेस खुद असहज स्थिति में आ गई है।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं पित्रोदा

यह पहली बार नहीं है जब सैम पित्रोदा ने कांग्रेस को मुश्किल में डाला हो। इससे पहले, उनकी एक विवादित टिप्पणी के चलते उन्हें ओवरसीज कांग्रेस (Overseas Indian Congress) के अध्यक्ष पद से एक महीने के लिए हटा दिया गया था।

यह भी पढ़ें:

दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी सरकार: मुख्यमंत्री के चेहरे पर फंसा पेंच, बुधवार को हो सकता ऐलान