01:04 PM (IST) Aug 26

पीएम मोदी ने दिल्ली के लोगों से की अपील

पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लोगों से कहा कि अगले महीने दिल्ली में जी20 का शिखर सम्मेलन होने वाला है। इसमें शामिल होने के लिए दुनियाभर से मेहमान आने वाले हैं। आप सभी लोगों से अपील है कि मेहमानों का खयाल रखें। इस आयोजन के चलते आपको थोड़ा कष्ट होगा। ट्रैफिक की पाबंदियां लगेंगी।

 

12:59 PM (IST) Aug 26

स्वागत करने आए एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी तो पीएम ने रोका भाषण

प्रधानमंत्री ने दिल्ली में एयरपोर्ट के बाहर स्वागत करने आए लोगों को जिस वक्त संबोधित किया उस वक्त तेज धूप थी। इसके चलते एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। पीएम ने यह देखा और अपना भाषण रोक दिया। उन्होंने अपनी मेडिकल टीम से कहा कि तुरंत उस व्यक्ति के पास जाएं और मदद करें। मेडिकल टीम बीमार व्यक्ति के पास पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई। इसके बाद पीएम ने अपना भाषण आगे बढ़ाया।

 

12:36 PM (IST) Aug 26

नई दिल्ली पहुंचे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस की यात्रा के बाद दिल्ली लौट गए हैं। एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम एयरपोर्ट पर स्वागत करने आए लोगों को संबोधित किया।

08:57 AM (IST) Aug 26

पहली पंक्ति में है भारत

नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज ट्रेड से लेकर टेक्नोलॉजी तक भारत की गिनती पहली पंक्ति में खड़े देशों में हो रही है। थर्ड रो से फर्स्ट रो तक की इस यात्रा में हमारे 'इस-रो' जैसे संस्थानों ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। मंगलयान की सफलता ने, चंद्रयान की सफलता ने, गगनयान की तैयारी ने, देश की युवा पीढ़ी को एक नया मिजाज दे दिया है।"

 

08:24 AM (IST) Aug 26

नेशनल स्पेस डे होगा 23 अगस्त

पीएम ने कहा, "23 अगस्त को जब भारत ने चंद्रमा पर तिरंगा फहराया उस दिन को अब हिंदुस्तान नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाएगा।"

 

08:17 AM (IST) Aug 26

चंद्रयान-2 जिस जगह उतरने वाला था वह तिरंगा कहलाएगा

पीएम ने कहा, "एक और नामकरण काफी वक्त से लंबित है। चंद्रयान-2 ने जिस जगह पर लैंडिंग करने की कोशिश की उस जगह के नामकरण की बात थी। हमने फैसला किया था कि जब चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतरेगा तब इसका नामकरण करेंगे। आज मुझे लगता है जब हर घर तिरंगा है, हर मन तिरंगा है और चांद पर भी तिरंगा है तो तिरंगा के सिवा चंद्रयान-2 से जुड़े उस स्थान को और क्या नाम दिया जा सकता है। चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पद चिह्न छोड़े हैं वो प्वाइंट अब तिरंगा कहलाएगा।"

 

08:08 AM (IST) Aug 26

शिव शक्ति के नाम से जाना जाएगा विक्रम का लैंडिंग प्वाइंट

पीएम ने कहा, "स्पेस मिशन के टचडाउन प्वाइंट को नाम दिए जाने का रिवाज है। चंद्रयान-3 के लैंडर ने जहां लैंड किया उस प्वाइंट को अब शिव शक्ति के नाम से जाना जाएगा।

 

08:07 AM (IST) Aug 26

विक्रम लैंडर ने अंगद की तरह चांद पर जमाए पैर

नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैंने वो फोटो देखी जिसमें विक्रम लैंडर चांद पर अंगद की तरह पैर जमाए हुए हैं। हमारा प्रज्ञान चंद्रमा पर भारत के पद चिह्न छोड़ रहा है। मानव सभ्यता में पहली बार उस स्थान की तस्वीर मानव अपनी आंखों से देख रहा है। ये तस्वीर दुनिया को दिखाने का काम भारत ने किया है। दुनिया भारत की वैज्ञानिक क्षमता का लोहा मान चुकी है। चंद्रायन महा अभियान पूरी मानवता की सफलता है। हमारा मिशन जिस क्षेत्र को एक्सप्लोर करे उससे सभी देशों के लिए मून मिशन के रास्ते खुलेंगे। ये चांद के रहस्यों को तो खोलेगा ही साथ ही धरती की समस्याओं का समाधान करेगा।"

 

08:02 AM (IST) Aug 26

दुनिया की बड़ी-बड़ी समस्याओं का समाधान करेगा भारत

पीएम ने कहा, "21वीं सदी में भारत दुनिया की बड़ी-बड़ी समस्याओं का समाधान करेगा। मेरी आंखों के सामने 23 अगस्त का वो एक-एक सेकंड बार-बार घूम रहा है। जब टचडाउन की पुष्टी हुई तो जिस तरह लोग उझल पड़े वो कौन भूल सकता है। वो पल इस सदी के सबसे प्रेरणादायी क्षणों में से एक है। हर भारतीय को लग रहा था कि ये विजय उसकी अपनी है। हर भारतीय को लग रहा था कि जैसे वो खुद एक बड़ी परीक्षा में पास हो गया है। आज भी बधाइयां दी जा रही हैं।"

 

07:59 AM (IST) Aug 26

पीएम के आंखों में आए खुशी के आंसू

इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आंखों में खुशी के आंसू आ गए। बोलते वक्त उनका गला भर गया। पीएम ने कहा कि कभी-कभी जीवन में ऐसा मौका आता है जब आदमी बेसब्र हो जाता है। मैं दक्षिण अफ्रीका में था। उसके बाद ग्रीस गया। मेरा मन नहीं लग रहा था। मैं आपसे मिलने के लिए बेसब्र था। मेरी बेसब्री से आपको मुसीबत हो गई। आपको इतनी जल्दी आना पड़ा।

 

07:43 AM (IST) Aug 26

सोमनाथ पीएम मोदी को दे रहे मिशन चंद्रयान-3 की जानकारी

इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिशन चंद्रयान की जानकारी दे रहे हैं। वह बता रहे हैं कि विक्रम लैंडर ने कैसे लैंडिंग की और उसका प्रज्ञान रोवर किस तरह काम कर रहा है।

 

07:41 AM (IST) Aug 26

इसरो के वैज्ञानिकों से मिले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों से मुलाकात की है। इसरो प्रमुख डॉ. एस. सोमनाथ ने कमांड सेंटर में पीएम का स्वागत किया। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने पीठ-थपथपाकर सोमनाथ का हौसला बढ़ाया और उन्हें गले लगा लिया। उसके बाद वह मिशन चंद्रयान-3 के अन्य वैज्ञानिकों से मिले। पीएम ने इसरो के वैज्ञानिकों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाया।

 

07:20 AM (IST) Aug 26

ISRO कमांड सेंटर पहुंचे पीएम

पीएम नरेंद्र मोदी का काफिला इसरो के कमांड सेंटर पहुंच गया है। पीएम अपनी कार से बाहर आए। उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद कार पर खड़े होकर आगे बढ़े।

 

06:53 AM (IST) Aug 26

पीएम बोले- सीएम से कहा था इतनी जल्दी नहीं आएं

नरेंद्र मोदी ने कहा,"दुनिया के हर कोने में विज्ञान में विश्वास करने वाले भविष्य को देखने वाले, सब लोग इतने ही उत्साह से भरे हुए हैं। आप सुबह-सुबह इतनी जल्दी आए। मैं अपने आप को रोक नहीं पा रहा था। मैं यहां से दूर विदेश में था। मैंने तय किया कि भारत जाऊंगा तो पहले बेंगलुरु जाऊंगा। सबसे पहले उन वैज्ञानिकों को नमन करूंगा। दूर से आना था। बेंगलुरु पहुंचने का समय पक्का नहीं था। इसलिए मैंने मुख्यमंत्री से कहा था कि इतनी जल्दी नहीं आएं। उन्होंने सहयोग किया। आगे जब आधिकारिक रूप से बेंगलुरु आऊंगा तो प्रोटोकॉल निभाएं।"

 

06:50 AM (IST) Aug 26

पीएम मोदी ने दिया जय विज्ञान, जय अनुसंधान का नारा

बेंगलुरु एचएएल एयरपोर्ट के बाहर स्वागत करने आए लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। उन्होंने जय जवान, जय किसान से आगे जय विज्ञान, जय अनुसंधान का नारा दिया। पीएम ने कहा कि देश के वैज्ञानिक देश को जब इतनी बड़ी सौगात देते हैं तो जो दृश्य मुझे आज बेंगलुरु में दिख रहा है वही मुझे ग्रीस में भी दिखाई दिया, जोहान्सबर्ग में दिखाई दिया।

 

Scroll to load tweet…

 

06:45 AM (IST) Aug 26

एयरपोर्ट से बाहर आए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से बाहर आ गए हैं। वह स्वागत के लिए बने मंच पर पहुंचे हैं। पीएम मंच से हाथ हिलाकर स्वागत करने आए लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं।

 

06:31 AM (IST) Aug 26

पीएम मोदी के स्वागत के लिए जुटे लोग

बेंगलुरु के एचएएल एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए जुटे हैं। इसरो मुख्यालय के बाहर भी लोग नरेंद्र मोदी का स्वागत करने आए हैं। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या भी पीएम का स्वागत करने पहुंचे हैं।

06:28 AM (IST) Aug 26

पीएम ने ट्वीट किया इसरो के असाधारण लोगों से बातचीत को उत्सुक हूं

बेंगलुरु आने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "बेंगलुरु में उतरा हूं। इसरो के अपने असाधारण लोगों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं। इसरो के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 की सफलता से भारत को गौरवान्वित किया है। उनका समर्पण और जुनून अंतरिक्ष क्षेत्र में हमारे देश की उपलब्धियों के पीछे प्रेरक शक्ति है।"

 

Scroll to load tweet…

 

06:22 AM (IST) Aug 26

मिशन चंद्रयान-3 के वैज्ञानिकों से बात करेंगे पीएम

नरेंद्र मोदी सुबह करीब 7:15 बजे इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (ISTRAC) बेंगलुरु पहुंचेंगे। पीएम चंद्रयान-3 मिशन में शामिल इसरो वैज्ञानिकों से बातचीत करेंगे। उन्हें चंद्रयान-3 मिशन की प्रगति के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। पीएम चंद्रयान-3 द्वारा ली जा रही तस्वीरों को देखेंगे।