नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नहीं रहे। गुरुवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने दो कार्यकाल पूरा किया था। पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई राजनेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।"

 

Scroll to load tweet…

 

भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले-मनमोहन सिंह ने भारत को आगे बढ़ाया

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मनमोहन सिंह को "विश्व के महान अर्थशास्त्री" के रूप में याद किया है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने अपने कार्यों के माध्यम से भारत को आगे बढ़ाया। हुड्डा ने ट्वीट किया, "दुनिया के महान अर्थशास्त्री, भारत में आर्थिक सुधारों के पुरोधा और अपने काम के जरिये देश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ाकर दुनिया भर में अलग पहचान दिलाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर से मन व्यथित है। उनके जाने से राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जो निकटतम भविष्य में भर पाना बेहद मुश्किल है। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि, परिवारजनों व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं।"

 

Scroll to load tweet…

 

राहुल गांधी बोले- मैंने मार्गदर्शक खो दिया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मनमोहन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "मनमोहन सिंह जी ने बहुत ही बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।"

 

Scroll to load tweet…

 

अमित शाह ने व्यक्त किया शोक

मनमोहन सिंह के निधन पर गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मनमोहन सिंह ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी आत्मा को शांति मिले।

 

Scroll to load tweet…

 

यह भी पढ़ें- पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का निधन, 92 साल की उम्र में ली आखिरी सांस