पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार के 11 साल हो गए हैं। इन 11 सालों में भारतीय रेलवे ने नई ऊंचाइयां छुई हैं। वंदे भारत से लेकर दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल तक, जानिए कौन से 11 बड़े काम हुए हैं।
Modi Government 11 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार ने 11 साल पूरे कर लिए हैं। इन 11 वर्षों में रेलवे के क्षेत्र में बहुत काम हुए हैं। वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेन चलाई गई है। आइए ऐसे 11 खास कामों के बारे में जानते हैं।
1. रेल नेटवर्क का रिकॉर्ड विस्तार
मोदी सरकार ने 11 वर्षों में रेल नेटवर्क का रिकॉर्ड विस्तार किया है। 25,871 रूट किलोमीटर नई पटरियां बिछाई गईं हैं।
2. पूर्ण विद्युतीकरण
इंडियन रेलवे ने करीब 99% ब्रॉड-गेज नेटवर्क का विद्युतीकरण कर लिया है। 2014 से 47000 किमी का विद्युतीकरण हुआ है। भारत पूरी तरह से विद्युतीकृत बड़े रेल नेटवर्क वाला दुनिया का दूसरा देश बन गया है।
3. दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल
जम्मू-कश्मीर चिनाब रेल पुल का निर्माण किया गया है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह पेरिस के एफिल टावर से भी ऊंचा है।
4. पहला केबल-स्टेड रेल ब्रिज
भारत का पहला केबल-स्टेड रेल ब्रिज अंजी खाद ब्रिज का निर्माण हुआ है। पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया। इसने श्रीनगर को पूरे भारत के रेल नेटवर्क से जोड़ दिया है।
5. उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL)
USBRL भारत के सबसे चुनौतीपूर्ण रेलवे प्रोजेक्ट में से एक है। इस परियोजना के पूरा होने से श्रीनगर तक रेलवे संपर्क पहुंचा है। USBRL के तहत 272 किलोमीटर लंबे ट्रैक बनाए गए हैं। यह सुरंगों और पुलों के माध्यम से कश्मीर घाटी को शेष भारत से जोड़ता है।
6. वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरूआत
वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे आधुनिक ट्रेन की शुरुआत की गई है। पिछले दिनों
जम्मू और कश्मीर जैसे कठोर जलवायु वाले क्षेत्र में दो वंदे भारत ट्रेनें चलाई गईं। यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन है।
7. लोकोमोटिव निर्माण में भारत आगे
भारत लोकोमोटिव निर्माण में विश्व में अग्रणी बन गया है। यहां 2024-25 में 1,681 लोकोमोटिव का उत्पादन होगा। यह अमेरिका, यूरोप और जापान के संयुक्त उत्पादन से भी अधिक है।
8. दूसरा सबसे बड़ा माल ट्रांसपोर्टर
भारतीय रेलवे दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा माल ट्रांसपोर्टर बन गया है। भारत की ट्रेनों द्वारा सालाना 1,617 मिलियन टन सामान ढोए जाते हैं।
9. पूर्वोत्तर तक रेल संपर्क पहुंचा
रेलवे सभी पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंच गया है। इससे इस इलाके का पूरे भारत के साथ संपर्क बेहतर हुआ है। क्षेत्रीय एकीकरण और पहुंच में सुधार हुआ है।
10. अमृत भारत स्टेशन योजना
अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर सहित पूरे भारत में प्रमुख रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और आधुनिकीकरण किया गया है।
11. ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा
इंडियन रेलवे ने ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े काम किए हैं। स्टेशनों और वर्कशॉप के लिए ग्रीन एनर्जी को बड़े पैमाने पर अपनाया है। लक्ष्य 2030 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन हासिल करना है।