PM Modi in Canada: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 समिट 2025 में हिस्सा लेने के लिए कनाडा के अल्बर्टा पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने साइप्रस की यात्रा की, जहां उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III' मिला।

G-7 Summit 2025: प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे प्रभावशाली मंच G-7 शिखर सम्मेलन 2025 में शामिल होने कनाडा पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी अल्बर्टा प्रांत के कनानास्किस में आयोजित G-7 समिट की 51वीं मीटिंग में लगातार छठी बार भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा की खास बात ये भी है कि ये 10 सालों में उनकी पहली कनाडा यात्रा है। प्रधानमंत्री को इस बार कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने खास निमंत्रण दिया है। दोनों देशों के बीच रिश्तों को फिर से ऊर्जा देने की दिशा में ये एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

साइप्रस में PM मोदी को सबसे बड़ा नागरिक सम्मान

G7 से ठीक पहले, पीएम मोदी ने साइप्रस का दौरा किया और ये यात्रा भी ऐतिहासिक बन गई। प्रधानमंत्री मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने जो बीते दो दशकों में साइप्रस पहुंचे। उन्हें साइप्रस का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III' मिला। इस मौके पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने न सिर्फ एयरपोर्ट पर खुद स्वागत किया, बल्कि दोनों देशों के भविष्य की साझेदारियों पर भी चर्चा हुई।

भारत-साइप्रस व्यापार पर चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने वहां बिज़नेस लीडर्स के साथ गोलमेज बैठक भी की, जिसमें टेक्नोलॉजी, निवेश और एजुकेशन जैसे सेक्टर्स में सहयोग बढ़ाने की बात की गई। पीएम मोदी ने कहा, 'भारत और साइप्रस के बीच साझेदारी की असीम संभावनाएं हैं। अब वक्त है उन्हें हकीकत में बदलने का।'

तीन देशों की चार दिन की रणनीतिक यात्रा

पीएम मोदी की यह यात्रा सिर्फ साइप्रस और कनाडा तक सीमित नहीं है। उनका अगला पड़ाव क्रोएशिया है, जहां वे यूरोप में भारत की मौजूदगी और दोस्ती को और मजबूत करेंगे। यह पूरा दौर तीन देशों में चार दिन का है।