नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो प्रोग्राम मन की बात के 100वें एपिसोड का रविवार को प्रसारण किया गया। इस मौके पर आयोजित खास कार्यक्रम में फिल्म स्टार भी पहुंचे। उन्होंने मन की बात सुनी और इसपर अपने विचार शेयर किए।

मन की बात पर फिल्म एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी जनता के लिए वक्त निकाल रहे हैं। लोगों की समस्याएं समझने की कोशिश कर रहे हैं। यह अद्भुत है। वह बहुत से ऐसे लोगों तक पहुंच रहे हैं, जिसके बारे में कम लोग जानते हैं। छोटे-छोटे शहरों और गांवों में इतने सारे लोग इतना अच्छा काम कर रहे हैं, जिनका लोगों को पता नहीं होता है। ऐसे लोगों को पीएम देश के सामने ला रहे हैं। उनकी उपलब्धि लोगों के सामने ला रहे हैं। देश-विदेश में उनकी पहचान बन रही है। पीएम बहुत से युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं। वह हर किसी को प्रेरित कर रहे हैं।”

 

Scroll to load tweet…

 

शाहिद कपूर बोले- कम्युनिकेशन के लिए मन की बात से बेहतर माध्यम नहीं हो सकता

एक्टर शाहिद कपूर ने कहा, "मेरा मानना है कि कम्युनिकेशन का इससे बेहतर माध्यम नहीं हो सकता। जैसे-जैसे आप आगे जाते हैं लोगों के साथ कनेक्शन कम हो जाता है। इतना अच्छा लगा सुनकर। मोदी जी को लोगों के साथ जुड़े रहना था। मुझे लगता है कि यह महान नेता का लक्षण है। चाहे राजा हो या नेता, इतिहास में जो सबसे लोकप्रिय नेता रहे हैं वो हमेशा लोगों से जुड़े रहे हैं। यह बहुत सरल चीज है, लेकिन इसका जुड़ाव बहुत गहरा है। मन की बात कह पाना, लोगों की बात सुनना, अपनी बात उनतक पहुंचा पाना, इससे ज्यादा गहरा कनेक्शन शायद नहीं हो सकता। यह बहुत अच्छा फॉर्मेट है। मुझे सुनकर बहुत अच्छा लगा। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे यहां बुलाया गया।"

 

Scroll to load tweet…

 

मन की बात से पूरे देश में पहुंचती है आम लोगों की कहानी

शाहिद कपूर ने कहा, "आपकी कहानी, आपकी बात, लोगों तक पहुंचती है। जो छोटे उद्योग हैं, ऐसे पहल हैं जो बहुत मजबूत हो सकते हैं, लेकिन उनकी शुरुआत शायद छोटी हो रही है। या ऐसी जगह हो रही है जहां बात फैल नहीं सकती। इस पहल द्वारा वह पूरे देश तक पहुंचती है। ऐसा महसूस होता है कि आपसब एक हैं, एक जैसी समस्याएं हैं। इससे राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा मिल रहा है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश है। स्वच्छ भारत अभियान जो हिमालय में चलाया गया बेहद अनोखा था। हर दिन पांच टन कचरा साफ करना, बहुत बड़ी बात है।"

रोहित शेट्टी बोले- ऐतिहासिक कहानी बनेगी मन की बात

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी ने कहा, "एक नेता हम सभी का मार्गदर्शन करे तो क्या कुछ नहीं हो सकता। आज के एपिसोड में जब मोदी जी बोल रहे थे कि उन्होंने किस तरह से लोगों की हेल्प की है। मन की बात से लोगों को लगता है कि प्रधानमंत्री अपने मन की बात रख रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। वह लोगों के मन की बात भी सुन रहे हैं। सिर्फ सुन ही नहीं रहे हैं। हमने देखा है कि कितने स्टार्टअप और लोगों को मन की बात से फायदा हुआ है। मन की बात की वजह से उनकी पहल में और लोग जुड़े हैं।"

मन की बात से लोगों को हुआ फायदा

रोहित शेट्टी ने कहा, "हम कितने खुशनसीब हैं कि हमारे पास एक ऐसा नेता है, जिनकी लोग बात सुनते हैं, प्रेरित होते हैं। हमने देखा कि कितने अलग-अलग प्रांतों के लोगों की मदद हुई है। जम्मू-कश्मीर में कुछ लोग बिजनेस कर रहे थे तो उनका कारोबार बढ़ गया। पहले 30 लोग थे अब 200 लोग काम कर रहे हैं। मन की बात की सबसे महत्वपूर्ण बात है कि लोग जुड़ रहे हैं। कोई एक आदमी अगर सोशल वर्क कर रहा है तो उनके साथ और भी लोग जुड़ जाते हैं। आज मन की बात का 100वां एपिसोड है। मैं चाहता हूं कि इसका 200वां और 1000वां एपिसोड हो। हम सब इसी तरह मिलें। इसमें वो सारे लोग आएं, जिन्हें मन की बात से फायदा हुआ है।"

उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी गुजरात के सीएम थे तो हर किसी से मिल पाते थे। पीएम बनने के बाद पूरे देश का भार उनपर है। उन्हें इतना वक्त नहीं मिल पाता कि सभी लोगों से सीधे जुड़ सकें। रेडियो के जरिए लोगों से जुड़ना और इस कार्यक्रम को इतना बड़ा बनाना, बहुत बड़े विजन की बात है। आज यूएन में भी मन की बात का प्रसारण हुआ है। एक लीडर के लिए सबसे महत्वपूर्ण उसके लोग होते हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी यह सोचना कि मैं सबसे कैसे जुड़ूं, मुझे वक्त नहीं मिल पा रहा है। ऑल इंडिया रेडियो के जरिए जुड़ना यह अपने आप में आगे चलकर ऐतिहासिक कहानी बनेगी।"