सार

पहलगाम हमले में NIA को पाकिस्तान की संलिप्तता के सबूत मिले हैं। ISI, लश्कर और पाकिस्तानी सेना की मिलीभगत का पता चला है। नौसेना ने भी पाकिस्तान को घुसपैठ की कोशिश पर चेतावनी दी है।

नई दिल्ली: पहलगाम में हुए आतंकी हमले की NIA जांच में नए खुलासे हुए हैं। NIA को हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिले हैं। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI, लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तानी सेना की मिलीभगत का भी पता चला है। NIA ने पाया है कि लश्कर के आतंकियों को ISI के बड़े अधिकारी निर्देश दे रहे थे। घटनास्थल से 40 गोलियां मिली हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। NIA ने अब तक 2500 लोगों से पूछताछ की है और 150 लोग हिरासत में हैं।

इस बीच, अनंतनाग में सेना की तैनाती बढ़ा दी गई है, जहां आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार उकसावे की कार्रवाई के मद्देनजर नियंत्रण रेखा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रीनगर में आतंकियों के मददगारों के घरों पर छापेमारी जारी है। तलाशी के लिए और हथियार भी मंगाए गए हैं। सीमावर्ती इलाकों में चरवाहों को जंगल में जाने से रोक दिया गया है। उन्हें तलाशी अभियान पूरा होने तक जंगल में न जाने की हिदायत दी गई है। नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार आठवें दिन भी उकसावे की कार्रवाई जारी है। सेना ने कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पाकिस्तान को नौसेना की चेतावनी

भारत में घुसपैठ की कोशिश हुई तो बर्बाद कर देंगे, ये चेतावनी भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान को दी है। नौसेना के युद्धाभ्यास के दौरान यह संदेश दिया गया है। युद्धपोतों समेत कई जहाजों के साथ चल रहे इस अभ्यास का रुख कभी भी बदल सकता है, यही संदेश नौसेना दे रही है। अरब सागर में चल रहे इस अभ्यास की नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी खुद निगरानी कर रहे हैं। अगर कोई उकसावे की कार्रवाई होती है तो पहला जवाब समुद्र के रास्ते ही दिया जाएगा। 85 समुद्री मील की दूरी पर पाकिस्तानी नौसेना भी ऐसा ही युद्धाभ्यास कर रही है। भारत का युद्धाभ्यास कल तक चलेगा। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर थल सेना ने भी अपनी तैनाती बढ़ा दी है। पाकिस्तान की ओर से लगातार युद्धविराम उल्लंघन के मद्देनजर तीनों सेनाएं किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।