11:48 PM (IST) Jun 30

उद्धव ठाकरे ने दी सीएम एकनाथ शिंदे व देवेंद्र फडणवीस को बधाई

महाराष्ट्र में शपथ लेने वाले नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पूर्व सीएम व शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बधाई दी है। उद्धव ठाकरे ने ट्वीट किया कि नव नियुक्त मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि आप महाराष्ट्र के लिए अच्छा काम करें।

10:44 PM (IST) Jun 30

देवेंद्र फडणवीस खुशी से डिप्टी सीएम का पद नहीं स्वीकारे: शरद पवार

एनसीपी चीफ शरद पवार ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम का नंबर 2 का पद खुशी से स्वीकार किया है। यह उसके चेहरे पर देखा जा सकता है। लेकिन वह नागपुर में रहे थे, एक (आरएसएस) स्वयंसेवक के रूप में यह उनका लोकाचार है, इसलिए उन्होंने यह पद स्वीकार कर लिया।

08:41 PM (IST) Jun 30

सीएम व डिप्टी सीएम वाली दो सदस्यीय सरकार की पहली कैबिनेट

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एकनाथ शिंदे, राजभवन से सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे। यहां सीएम शिंदे व डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस वाली दो सदस्यीय सरकार ने कैबिनेट की मीटिंग की है। सीएम शिंदे, पुलिस के आला अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक उच्चाधिकारियाें के साथ भी बैठक करेंगे।

08:32 PM (IST) Jun 30

पवार ने दी बधाई, कह दी बड़ी बात

शरद पवार ने नई सरकार बनाए जाने और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए जाने की कल्पना नहीं की थी। शायद बागी गुट ने मुख्यमंत्री पद की मांग की होगी। इसलिए उनको सीएम बनाया गया। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह महाराष्ट्र के विकास के लिए काम करेंगे। किसानों के लिए काम करेंगे। 

08:25 PM (IST) Jun 30

राज ठाकरे ने दी बधाई, बोले-सतर्क रहिए

राज ठाकरे ने ट्वीट कर एकनाथ शिंदे को बधाई दी है। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद आपको नसीब से मिला है अब आप अपने कर्मों से इसे सिद्ध करिएगा ऐसी आशा है। उन्होंने कहा कि सतर्क रहिए, सोच समझकर कदम उठाईए। पुन: बधाई। 

 

08:21 PM (IST) Jun 30

पिता के मुख्यमंत्री बनते ही सांसद बेटा गोवा से मुंबई के लिए निकले

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एकनाथ शिंदे के बेटे सांसद श्रीकांत शिंदे गोवा से मुंबई रवाना होने के लिए निकल पड़े हैं। बागी विधायकों के साथ श्रीकांत शिंदे गोवा के एक होटल में थे। कुछ देर पहले ही वह गोवा एयरपोर्ट पहुंचे हैं। यहां से फ्लाइट से वह मुंबई पहुंचेंगे।

08:17 PM (IST) Jun 30

शाह ने दी एकनाथ शिंदे व फडणवीस को बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है। शाह ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ये नई सरकार महाराष्ट्र के विकास और जनता के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।

08:04 PM (IST) Jun 30

पीएम मोदी ने कहा: वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा

पीएम मोदी ने देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा हैं। उनका अनुभव और विशेषज्ञता सरकार के लिए एक संपत्ति होगी। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र के विकास पथ को और मजबूत करेंगे।

 

08:02 PM (IST) Jun 30

PM Modi ने दी एकनाथ शिंदे व फडणवीस को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर मैं एकनाथ शिंदे को बधाई देना चाहता हूं। शिंदे एक जमीनी स्तर के नेता हैं, उनके पास समृद्ध राजनीतिक, विधायी और प्रशासनिक अनुभव है। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र को और ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में काम करेंगे।

 

07:53 PM (IST) Jun 30

महाराष्ट्र में हर किसी को न्याय मिलेगा: एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में अब हर किसी को न्याय मिलेगा। यहां बिना भेदभाव के सबके साथ न्याय होगा, राज्य का विकास होगा।

07:52 PM (IST) Jun 30

जिसने मुझे सर्वोच्च पद पर पहुंचाया, उसका आदेश सर्वोपरि

Deputy CM पद की शपथ लेने के बाद बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के सीएम रह चुके देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर पार्टी के निर्णय को सर्वोपरि बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एक प्रामाणिक कार्यकर्ता के रूप में मैं पार्टी के आदेशों का पालन करता हूं। जिस पार्टी का आदेश मुझे सर्वोच्च पद पर ले आया, वह मेरे लिए सर्वोपरि है। एक ईमानदार कार्यकर्ता होने के नाते मैं पार्टी के आदेशों का पालन करता हूं। जिस दल के आदेश ने मुझे सर्वोच्च स्थान दिया, उसका मैं मुखिया हूं।

 

07:39 PM (IST) Jun 30

बीजेपी कोटे में उप मुख्यमंत्री की कुर्सी, पूर्व सीएम फडणवीस ने ली उप मुख्यमंत्री पद की शपथ

महाराष्ट्र में नए सियासी समीकरण में पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है। फडणवीस के मंच पर पहुंचते ही जोरदार नारे से उनका स्वागत किया गया। 

07:38 PM (IST) Jun 30

महाराष्ट्र के नए नाथ एकनाथ, शिंदे ने ली सीएम पद की शपथ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे ने शपथ ले ली है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई है। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य के उप मुख्यमंत्री होंगे। 

07:35 PM (IST) Jun 30

एकनाथ शिंदे ले रहे हैं सीएम पद की शपथ, नारों से जाेरदार स्वागत

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे शपथ ले रहे हैं। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिला रहे। शिंदे ने शिवसेना से बगावत करके बीजेपी के समर्थन से सरकार बनाने का ऐलान किया है।

07:33 PM (IST) Jun 30

पहुंचे राज्यपाल, कुछ ही देर में शुरू होगा समारोह

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी राजभवन में समारोह में पहुंच चुके हैं। कुछ ही पलों में शपथ होने वाला है। 

07:30 PM (IST) Jun 30

शपथ ग्रहण समारोह कुछ ही देर में, सब पहुंचे, महामहिम का इंतजार

महाराष्ट्र में नए मुख्यमंत्री पद की शपथ कुछ ही देर में होने वाली है। होने वाले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राजभवन पहुंच चुके हैं। मंच पर तीन कुर्सियां लगी है। महामहिम भगत सिंह कोश्यारी का इंतजार हो रहा है।

07:16 PM (IST) Jun 30

राजभवन में परिवार के साथ पहुंचे शिंदे, नाती को गोद में लिए मिल रहे लोगों से

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद का शपथ लेने के लिए एकनाथ शिंदे राजभवन पहुंच चुके हैं। वह अपनी पत्नी, सांसद बेटे, बहू और नाती सहित पूरे परिवार के साथ राजभवन पहुंचे हैं। 

07:11 PM (IST) Jun 30

कुछ ही देर में शपथ ग्रहण समारोह, तीसरी कुर्सी डिप्टी सीएम फडणवीस के लिए लगाई गई

कुछ ही देर में महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली जाएगी। एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद डिप्टी सीएम के रूप में देवेंद्र फडणवीस लेंगे शपथ। राजभवन में आयाेजित शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम के लिए एक और कुर्सी लगाई गई है। राजभवन में शपथ ग्रहण के लिए पहले दो कुर्सी ही लगाई गई थी। एक राज्यपाल और एक मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले एकनाथ शिंदे के लिए। लेकिन देवेंद्र फडणवीस के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए राजी होने वाले गृह मंत्री अमित शाह के ट्वीट के बाद एक और कुर्सी बढ़ा दी गई है। 

07:04 PM (IST) Jun 30

शाह के हस्तक्षेप के बाद फडणवीस हुए राजी, लेंगे उप मुख्यमंत्री पद की शपथ

आखिरकार पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मान गए हैं। देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। अमित शाह से बातचीत करने के बाद फडणवीस राजी हो गए हैं। अमित शाह ने ट्वीट कर दावा किया है कि महाराष्ट्र के हित में देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री बनने के लिए हामी भर दी है। 

06:55 PM (IST) Jun 30

CM की कुर्सी न मिलने से नाखुश हुए फडणवीस, बीजेपी में ही झगड़ा

महाराष्ट्र में शिवसेना में हुए बगावत के बाद सियासी संकट के बीच मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में जैसे ही एकनाथ शिंदे के नाम का ऐलान हुआ है वैसे ही बीजेपी में अंदरूनी झगड़ा शुरू हो चुका है। सीएम पद के लिए आशान्वित देवेंद्र फडणवीस अब नाराज हो गए हैं। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फडणवीस को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का ऐलान किया है लेकिन इसके पहले ही फडणवीस ने सरकार से बाहर रहने का ऐलान किया था। माना जा रहा है कि फडणवीस सीएम न बनाए जाने से नाराज हैं। सूत्रों की मानें तो दो दिन पहले ही दिल्ली में फडणवीस से कह दिया गया था कि वह सीएम नहीं बनाए जा रहे हैं।