सार
Kolkata Women Suicides: कोलकाता में एक ही घर में दो महिलाओं और एक नाबालिग लड़की की मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। परिजनों ने कहा था कि दोनों महिलाओं और लड़की ने आत्महत्या की है। पुलिस ने जांच की तो मामला हत्या का निकला। शवों के पोस्टमॉर्टम से इसकी पुष्टि भी हो गई। पुलिस अब इस हत्याकांड में दोनों महिलाओं के पति दो भाइयों को गिरफ्तार करने वाली है। तीनों तेंगड़ा स्थित अपने घर में मृत पाईं गईं थी। वहीं, दोनों भाई और एक लड़का कार हादसे में घायल हो गए थे।
अपने घर में मृत मिली थी महिलाएं और लड़की, कार हादसे में घायल हुए तीन लोग
सीनियर पुलिस अधिकारी के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि दोनों महिलाओं और एक लड़की की हत्या की गई थी। इस रिपोर्ट के मिलने के बाद आत्महत्या की बात गलत साबित हो गई। परिवार के तीन सदस्य (दो महिलाएं और एक नाबालिग लड़की) तेंगड़ा स्थित अपने घर में मृत मिले थे। वहीं, परिवार के तीन सदस्य (दो भाई और एक लड़का) बुधवार अहले सुबह कार हादसे में घायल मिले थे। उनकी कार कोलकाता मेट्रो रेल के पिलर से टकरा गई थी। एक घायल ने पुलिस को घर में महिलाओं की मौत की जानकारी दी थी।
हादसे में घायल हुए भाइयों की पहचान भाई प्रणय और प्रसून डे के रूप में हुई है। वे अपने घर में पत्नियों सुदेशना और रोमी के साथ रहते थे। प्रणय का एक बेटा और प्रसून की एक बेटी थी। हादसे के बाद दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कलाई और गला कटने से हुई महिलाओं की मौत
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि दोनों महिलाओं की मौत कलाई और गला काटे जाने से हुई है। वहीं, लड़की की मौत जहर दिए जाने से हुई। दोनों भाइयों ने शुरू में आत्महत्या का दावा किया था। पुलिस को शुरू से ही शक था कि मामले में कुछ गड़बड़ है। दोनों भाई उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली की महिला से बेंगलुरु में गैंगरेप, 4 लोगों ने होटल ले जाकर की दरिंदगी
परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा था परिवार
फोरेंसिक टीमों ने घर से सबूत जुटाए हैं। इसमें बाथरूम के नमूने और सीसीटीवी फुटेज शामिल हैं। पुलिस ने चाबियों का एक सेट, खून से सना बटन और दुर्घटनाग्रस्त कार से खून के निशान भी बरामद किए हैं। पुलिस परिवार के चमड़े के कारोबार की जांच कर रही है। पता चला है कि परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। पुलिस घटना की वजह का पता लगा रही है।
यह भी पढ़ें- 14 साल की लड़की, 3 रातें और एक अनसुलझी कहानी: बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिया बड़ा फैसला