Mehul Choksi Arrested: 12,636 करोड़ रुपए के पीएनबी घोटाले (PNB scam) में मुख्य आरोपी भारतीय व्यवसायी मेहुल चोकसी को जल्द उसके किए की सजा मिलेगी। चोकसी को भारत लाने की तैयारी चल रही है। उसके प्रत्यर्पण के लिए भारत की जांच एजेंसियों के अधिकारी बेल्जियम जाने वाले हैं। इसके लिए एक लीगल टीम तैयार की जा रही है।

चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भारत की एक मल्टी-एजेंसी टीम बेल्जियम जाने के लिए तैयार है। इस टीम में CBI (Central Bureau of Investigation), EC (Enforcement Directorate) और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ कुछ कानून विशेषज्ञ होंगे। यह टीम अगले सप्ताह बेल्जियम के लिए रवाना होगी।

भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर गिरफ्तार हुआ मेहुल चोकसी

बेल्जियम से चोकसी का प्रत्यर्पण करना कठिन काम है। इस प्रक्रिया में अंतरराष्ट्रीय कानून शामिल हैं। बैंक चोकसी को लाने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार करेगी। बता दें कि भारतीय जांच एजेंसियों के प्रत्यर्पण अनुरोध पर चोकसी को 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार टीम तैयार करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों का चयन अंतिम चरण में है। चोकसी प्रत्यर्पण से बचने के लिए हर संभव उपाय आजमाएगा। इसे देखते हुए भारत सरकार भी पूरी तैयारी कर रही है।

प्रत्यर्पण से बचने के लिए अपील करेगा मेहुल चोकसी

चोकसी के वकील ने सोमवार को कहा कि वे गिरफ्तारी, प्रत्यर्पण या किसी भी संभावित जेल की सजा के खिलाफ अपील करने के लिए सभी कानूनी तरीकों का विकल्प चुनेंगे। चोकसी पिछले एक साल से बेल्जियम में है। उसने दावा किया कि उसने बेल्जियम में कैंसर का इलाज कराया है। वह इलाज के नाम पर स्विट्जरलैंड जाने की फिराक में था तभी उसे पकड़ लिया गया।

बता दें कि मेहुल चोकसी 2018 में गिरफ्तारी के डर से भारत से भाग गया था। पहले उसने एंटीगुआ की नागरिकता ली। इसके बाद 15 नवंबर 2024 को बेल्जियम से F रेजीडेंसी कार्ड लिया। उसकी पत्नी प्रीति चोकसी बेल्जियम की नागरिक है। वह बेल्जियम से F+ रेजिडेंसी कार्ड पाने की कोशिश में था। इससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।