सार
India Nuclear Weapons: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बड़े पैमाने पर लड़ाई का खतरा पैदा हो गया है। पाकिस्तान के नेता परमाणु बम की धमकी दे रहे हैं। भारत परमाणु हथियारों के मामले में दुनिया के टॉप देशों में शामिल है। भारत के पास हवा, जमीन और पानी कहीं से भी परमाणु हमला करने की क्षमता है। भारत ऐसे चंद देशों में शामिल है, जिसके पास MIRV क्षमता है। इससे एक मिसाइल से कई परमाणु बम अलग-अलग जगह गिराया जा सकता है।
भारत के पास है पाकिस्तान से अधिक परमाणु हथियार
फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स (FAS) की नई रिपोर्ट के अनुसार परमाणु हथियारों की संख्या के मामले में भारत ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया है। भारत के पास इस समय लगभग 180 परमाणु हथियार हैं। वहीं, पाकिस्तान के पास 170 परमाणु हथियार होने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार करीब दो दशक में यह पहली बार है जब परमाणु हथियारों की संख्या के मामले में भारत पाकिस्तान से आगे हुआ है।
1998 में पाकिस्तान ने किया था परमाणु बम टेस्ट
भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु हथियारों की दौड़ 1974 में शुरू हुई थी। भारत ने अपना पहला परमाणु परीक्षण किया था। ऐसा करने वाला छठा देश बना था। इसके बाद पाकिस्तान में खलबली मच गई थी। 1998 में पाकिस्तान ने पहला परमाणु परीक्षण किया था। इसके बाद से पाकिस्तान और भारत के बीच परमाणु हथियारों को लेकर रेस लगी हुई है। पाकिस्तान की कोशिश किसी तरह पाकिस्तान हथियारों की संख्या बढ़ाने पर है। दूसरी ओर भारत ने इसकी क्षमता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया है। भारत ने सुनिश्चित किया कि उसके परमाणु हथियार दुश्मन के हथियारों से अधिक एडवांस और घातक हों।
पाकिस्तान के लिए खतरा बन सकती है भारत की MIRV क्षमता
भारत का अग्नि-5 बैलिस्टिक मिसाइल MIRV (मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेबल रीएंट्री व्हीकल्स) से लैस है। भारत अमेरिका, रूस और चीन जैसे चुनिंदा देशों में शामिल है, जिसके पास यह क्षमता है। भारत की MIRV क्षमता ने पाकिस्तान और चीन को चौंकाया है। ऐसा माना जा रहा है कि पाकिस्तान चीन की मदद से इस तकनीक को विकसित करने की कोशिश में है।
भारत की परमाणु त्रिकोण और सैन्य शक्ति
परमाणु त्रिकोण वह क्षमता है जब कोई देश हवा, पानी और जमीन से परमाणु हमला करने की क्षमता रखता है। भारत के पास यह ताकत है। भारत ने 2025-26 के लिए अपना रक्षा बजट 6.71 लाख करोड़ रुपए रखा है। दूसरी ओर पाकिस्तान का रक्षा बजट करीब 68009 करोड़ रुपए है। भारत अपनी सेना पर पाकिस्तान से करीब 10 गुना ज्यादा खर्च कर रहा है। भारत अपनी सेना, नौसेना और वायु सेना का तेजी से आधुनिकीकरण कर रहा है। राफेल लड़ाकू विमानों, एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम और एडवांस हाइपरसोनिक मिसाइलों पर भारी खर्च कर रहा है।