Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान और POK में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर मिसाइल हमला किया। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भारत की कार्रवाई को आत्मरक्षा और सीमित बताया गया।

International media coverage Operation Sindoor: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम (Pahalgam) में हुए भीषण आतंकी हमले के जवाब में भारत ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ढांचों को निशाना बनाकर 'ऑपरेशन सिंदूर' (Operation Sindoor) शुरू किया। इस सैन्य कार्रवाई के तहत लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) जैसे प्रतिबंधित संगठनों के मुख्यालयों पर मिसाइल और हवाई हमले किए गए।

मिसाइल और राफेल के जरिए आतंकी ठिकानों पर सटीक वार

भारत ने आधुनिक राफेल लड़ाकू विमानों और SCALP क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल करते हुए आतंकियों के अड्डों को निशाना बनाया। ये हमले विशेष रूप से बहावलपुर, मुरिदके और कोटली जैसे स्थानों पर केंद्रित थे जहां इन संगठनों की प्रमुख गतिविधियां चल रही थीं।

भारत ने अमेरिका को पहले ही दी थी जानकारी

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला सटीक, मापा हुआ और गैर-उकसावे वाला था। भारत ने पहले ही अमेरिका को इस कार्रवाई की सूचना दे दी थी ताकि किसी अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक टकराव से बचा जा सके। हमले में पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को नहीं छुआ गया और नागरिकों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचाने की सावधानी बरती गई।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भारत की तारीफ

भारत की यह कार्रवाई दुनियाभर के मीडिया में सुर्खियों में रही। कुछ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं इस प्रकार हैं:

  • The New York Times: India Launches Missile Strikes Inside Pakistan After Kashmir Attack. रिपोर्ट में इसे भारत-पाक तनाव में बड़ी बढ़त बताया गया और भारत द्वारा अमेरिका को पहले सूचित किए जाने को जिम्मेदार कूटनीति करार दिया।
  • CNN: India and Pakistan on brink of wider conflict
  • भारत की सैन्य क्षमताओं और अत्याधुनिक हथियारों के इस्तेमाल की प्रशंसा करते हुए इसे आतंकी ढांचे पर सटीक हमला बताया गया।
  • BBC ने मुरिदके और बहावलपुर में आतंकी ठिकानों पर हमलों को रेखांकित करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की बढ़ती चिंता को दर्शाया।

अन्य मीडिया आउटलेट्स ने ऑपरेशन सिंदूर को कैसे कवर किया?

The Guardian, WSJ, FT, Times of Israel और Japan Today जैसे दर्जनों अखबारों ने इस हमले को आत्मरक्षा में उठाया गया रणनीतिक कदम बताया।

  • द वॉल स्ट्रीट जर्नल: भारत ने बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान में संदिग्ध आतंकवादी स्थलों को निशाना बनाया।
  • शिकागो ट्रिब्यून: भारत ने कश्मीर में घातक हमले के बाद पाकिस्तान पर मिसाइल हमला किया।
  • द गार्जियन: भारत ने कश्मीर में तनाव बढ़ने पर पाकिस्तान के अंदर सैन्य हमले किए
  • फाइनेंशियल टाइम्स: भारत-पाकिस्तान संकट बढ़ा, नई दिल्ली ने मिसाइल हमले के आदेश दिए
  • द टाइम्स: भारत ने पर्यटकों के नरसंहार के बाद पाकिस्तान पर बमबारी की, जिससे संघर्ष की आशंका बढ़ गई
  • एबीसी न्यूज: भारत ने नौ पाकिस्तानी ठिकानों पर हमला किया
  • ले मोंडे: नई दिल्ली ने घातक हमले के जवाब में पाकिस्तानी क्षेत्र पर हमला किया
  • जापान टाइम्स: भारत ने कश्मीर में पर्यटकों की हत्या के मामले में पाकिस्तान पर हमला किया
  • जापान टुडे: भारत ने पर्यटकों की हत्या के मामले में पाकिस्तान पर हमला किया; पाकिस्तान ने कहा कि भारतीय जेट गिराए गए
  • द टाइम्स ऑफ इजरायल: पाकिस्तान पर हमले के बाद इजरायल ने भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया

सरकार का आधिकारिक बयान: संयमित और लक्षित कार्रवाई

रक्षा मंत्रालय ने 1:44 AM पर आधिकारिक बयान जारी कर कहा: थोड़ी देर पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया, जो पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाकर किया गया। ये वे स्थान हैं जहां से भारत पर हमलों की साजिशें रची जा रही थीं।

पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद लिया गया एक्शन

इस सैन्य अभियान को 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस घटना ने देशभर में गुस्से की लहर पैदा कर दी थी।