- Home
- National News
- Himachal Pradesh Landslide: बस पर मौत बनकर गिरीं चट्टानें, मलबे से निकाले गए 18 शव, खौफनाक तस्वीरें
Himachal Pradesh Landslide: बस पर मौत बनकर गिरीं चट्टानें, मलबे से निकाले गए 18 शव, खौफनाक तस्वीरें
Himachal Landslide: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार को भूस्खलन के चलते 18 लोगों की मौत हो गई। एक निजी बस भूस्खलन की चपेट में आ गई। चट्टानें बस पर मौत बनकर गिरीं। राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मलबे से 18 लोगों के शव निकाले गए हैं।

बस में सवार थे 30-35 लोग
बस 30-35 यात्रियों को लेकर पंजाब के मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। हादसा बिलासपुर जिले में बालूघाट (भल्लू ब्रिज) के पास हुआ। मलबा हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। स्थानीय लोगों ने भी मदद की।
मलबा हटाने के लिए ली गई जेसीबी की मदद
घटनास्थल से प्राप्त वीडियो में जेसीबी मशीन को मलबा हटाते हुए दिखाया गया। बचाव अभियान में कई जेसीबी मशीनों को लगाया गया है। मलबे में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरा पहाड़ बस पर गिर पड़ा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने मदद की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मारे गए लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए मदद की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपए मदद के रूप में दिए जाएंगे। पीएम ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
गृह मंत्री अमित शाह ने व्यक्त की संवेदना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना से बेहद दुखी हूं। एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मैं इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोलीं- बेहद दुखद घटना हुई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।”
यह भी पढ़ें- Himachal Pradesh Landslide: बिलासपुर में भूस्खलन की चपेट में आई बस, 18 की मौत
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू बोले- युद्ध स्तर पर चल रहा बचाव अभियान
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, “बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र में बालूघाट के पास हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने मुझे गहराई से झकझोर दिया है। बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। मैं स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। अधिकारियों को सभी उपलब्ध संसाधनों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।”
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में हुई बारिश और बर्फबारी, तापमान में भारी गिरावट, लैंडस्लाइड के कारण कई हाइवे और सड़कें बंद