अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद के मेमनगर में रहने वाली 21 साल की एक महिला ने अपने पति पर ब्लैकमेल और ऑनलाइन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। कहा है कि पति ने उसके प्राइवेट फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। महिला ने शुक्रवार को घाटलोदिया पुलिस में शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने मानहानि और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया।

शिकायत के अनुसार महिला की शादी एक साल पहले वडोदरा के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति से हुई। शादी के बाद उसने कुछ समय पति के साथ ससुराल में बिताए। वह पति के संयुक्त परिवार में रही। ससुराल के लोगों ने खराब व्यवहार करना शुरू किया तो वह अहमदाबाद में अपने पैतृक घर वापस लौट गई। वह एक दुकान में काम करने लगी। महिला ने बताया कि ससुराल में उसे त्वचा की गंभीर एलर्जी हो गई थी। उसकी पीठ और छाती पर छाले पड़ गए थे।

पति ने बिना सहमति के रिकॉर्ड कर लिया कॉल

महिला ने आरोप लगाया है कि जब वह पति के साथ रहती थी तब उसके इंस्टाग्राम अकाउंट तक पति की पहुंच हो गई थी। वह मायके चली आई तब भी पति उसके इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल करता रहा। वे वीडियो कॉल के जरिए संपर्क में थे। एक बार उसने अपने शरीर का ऊपरी हिस्सा पति को दिखाया था ताकि उसे भरोसा हो कि उसकी एलर्जी ठीक हो गई है। पति ने बिना उसकी सहमति के कॉल रिकॉर्ड कर लिया।

महिला ने मांगा तलाक को शुरू हो गई ब्लैकमेलिंग

महिला ने बताया है कि जब उसने ससुराल लौटने से इनकार किया और तलाक की मांग की तो पति से उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जनवरी के पहले सप्ताह में उसने उसे बदनाम करने के लिए व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर दी।

धमकियों और सोशल मीडिया पर अपमान से परेशान होकर महिला ने पुलिस में शिकायत दी। घाटलोडिया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत धमकी और मानहानि की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।