पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल का 91 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लोकसभा अध्यक्ष, रक्षा और गृह मंत्री रहे। 26/11 मुंबई हमले के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

मुंबई: पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल का निधन हो गया है। वह 91 साल के थे। महाराष्ट्र के लातूर में आज उनके घर पर उनका निधन हुआ। पाटिल लंबे समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। उनकी देखभाल घर पर ही की जा रही थी। लेकिन आज सुबह करीब 6:30 बजे उन्होंने अपने घर पर ही आखिरी सांस ली।

लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे शिवराज पाटिल ने अपने राजनीतिक जीवन में लोकसभा अध्यक्ष का पद भी संभाला था। कांग्रेस सरकार के दौरान, उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में कई अहम पदों पर काम किया, जिसमें कई बड़े मंत्रालय शामिल थे। उन्होंने लातूर लोकसभा सीट से सात बार जीतकर रिकॉर्ड बनाया था।

यह भी पढ़ें: अमेरिका के बाद अब मेक्सिको भी भारत पर लगाएगा 50% टैरिफ, 1 जनवरी से लागू होगा नया टैक्स

शिवराज पाटिल ने लोकसभा अध्यक्ष, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री और पंजाब के राज्यपाल समेत कई जिम्मेदार पद संभाले थे। 12 अक्टूबर, 1935 को लातूर जिले के चाकुर गांव में जन्मे शिवराज पाटिल ने कांग्रेस के जरिए सक्रिय राजनीति में कदम रखा। उन्होंने लातूर लोकसभा सीट से सात बार जीत हासिल की। 2004 में हार के बाद भी उनका प्रभाव कम नहीं हुआ। वह राज्यसभा के जरिए केंद्रीय राजनीति में लौटे और 2004 से 2008 तक केंद्रीय गृह मंत्री के पद पर रहे।

इससे पहले, उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में रक्षा मंत्री के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। वह 1991 से 1996 तक 10वीं लोकसभा के अध्यक्ष रहे। गृह मंत्री के रूप में सेवा देने के बाद, उन्होंने 2010 से 2015 तक पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में भी काम किया।

यह भी पढ़ें: सांसद और भीम आर्मी के सह-संस्थापक चंद्रशेखर आजाद पर पूर्व प्रेमिका ने लगाए गंभीर आरोप

शिवराज पाटिल के करियर का सबसे चर्चित विवाद 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद का था। हमले के दौरान सामने आई सुरक्षा चूकों के लिए उनकी काफी आलोचना हुई थी। हमले के ठीक दो दिन बाद, 30 नवंबर 2008 को उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृह मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उस दौरान एक ही दिन में तीन बार कपड़े बदलने का मामला भी काफी चर्चा में रहा था।