सार
Dr Mammohan Singh death: देश में सत्ता विरोधी लहर चल रही थी, यूपीए-2 के मंत्रियों पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे थे। बीजेपी तत्कालीन गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी के अगुवाई में लोकसभा चुनाव की कैंपेन शुरू कर दी थी। बीजेपी से लगायत मीडिया बेहद आक्रामक तरीके से तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह पर हमलावर थी। सोशल मीडिया पर भी कैंपेन चल रहा था। सबका निशाना डॉ.मनमोहन सिंह थे, उन पर अपने मंत्रियों के भ्रष्टाचार के बावजूद कंट्रोल नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा था लेकिन देश को आर्थिक ऊंचाई पर पहुंचाने वाला मनमोहन सिंह, मीडिया या विरोधी दलों को जवाब देने की बजाय अपना काम करते रहे। 3 जनवरी 2014 को बतौर पीएम डॉ.मनमोहन सिंह का आखिरी प्रेस कांफ्रेंस था।
पीएम के प्रेसकांफ्रेंस में देश-दुनिया की मीडिया की नामचीन हस्तियां अपने अपने तीखे सवालों के साथ मौजूद थी। लेकिन डॉ.मनमोहन सिंह के चेहरे पर कोई शिकन नहीं था। अपने उसी अंदाज में वह पहुंचे।
एक मीडिया हाउस के पत्रकार ने तीखे सवाल करते हुए डॉ.मनमोहन सिंह से अपने मंत्रिमंडल के मंत्रियों पर लगाम न लगा पाने और कार्रवाई कर पाने में असफल होने का सवाल किया।
सवाल सुनकर डॉ.मनमोहन सिंह मुस्कुराए। उन्होंने चेहरे पर हल्की मुस्कान के साथ जवाब दिया: मैं ईमानदारी से मानता हूं कि इतिहास मेरे प्रति समकालीन मीडिया या संसद में विपक्षी दलों की तुलना में अधिक दयालु होगा। (I honestly believe history will be kinder to me than the contemporary media or for that matter, the Opposition parties in Parliament.)
डॉ.सिंह ने कहा: मैं सरकार की कैबिनेट सिस्टम में होने वाली सभी चीजों का खुलासा नहीं कर सकता। मुझे लगता है कि गठबंधन राजनीति की परिस्थितियों और मजबूरियों को ध्यान में रखते हुए मैंने परिस्थितियों के अनुसार जितना अच्छा कर सकता था, किया है।
92 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
पूर्व पीएम डॉ.मनमोहन सिंह ने गुरुवार की रात 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली है। पिछले कुछ महीनों से वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से परेशान थे। भारत के आर्थिक सुधारों के आर्किटेक्ट कहे जाने वाले पूर्व पीएम मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। डॉ. सिंह के सम्मान में पूरे देश में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान पूरे भारत में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
यह भी पढ़ें:
11 घंटे की सर्जरी, होश आते ही डॉक्टर से यह सवाल, पूर्व पीएम की अनसुनी कहानी