Delhi double murder case: दिल्ली के मजनू का टीला में हुए दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी निखिल गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे बुधवार को उत्तराखंड के हलद्वानी में पकड़ा। वह मंगलवार को अपनी पूर्व लिव इन पार्टनर 22 साल की सोनल और एक 6 महीने की बच्ची की हत्या के बाद से फरार था। उसने सर्जिकल ब्लेड से सोनल का गला चीर दिया था। अब ऐसी जानकारी सामने आई है, जिससे पता चलता है कि निखिल किसी खूंखार दरिंदे से कम नहीं है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोनल उत्तराखंड की रहने वाली थी। 2023 में वह पहली बार हल्द्वानी में निखिल से मिली थी। दोनों प्रेम करने लगे थे। 2024 में सोनल ने एक बच्चे को जन्म दिया। उस समय दोनों की शादी नहीं हुई थी। उन्होंने बच्चे को दो लाख रुपए में बेच दिया। इसके बाद सोनल निखिल के साथ दिल्ली चली आई। दोनों वजीराबाद में रहने लगे। इसी दौरान निखिल को शक होने लगा कि सोनल के संबंध उसके दोस्त दुर्गेश से हैं। बाद में सोनल फिर से गर्भवती हो गई।
निखिल के मना करने पर भी सोनल ने कराया गर्भपात
निखिल के मना करने पर भी सोनल ने गर्भपात करा लिया। निखिल इस बात से गुस्सा था कि सोनल ने उसके बच्चे को जन्म नहीं दिया, उसे मार डाला। इस बात को लेकर झगड़ा बढ़ा तो सोनल दुर्गेश के घर जाकर रहने लगी। मंगलवार को निखिल दुर्गेश के घर गया। उसने सोनल के साथ झगड़ा किया। इसी दौरान उसने सर्जिकल ब्लेड से हमला कर सोनल की जान ले ली। उसने दुर्गेश की नवजात बेटी को भी मार डाला। उसे लगता था कि दुर्गेश के चलते ही सोनल ने गर्भपात कराया और उसके बच्चे को दुनिया में आने का मौका नहीं मिला। बदला लेने के लिए उसने दुर्गेश की छह महीने की बेटी का कत्ल कर दिया। घटना के समय दुर्गेश के परिजन उसकी बड़ी बेटी को स्कूल से लाने गए हुए थे।
TOI की रिपोर्ट के अनुसार दुर्गेश ने बताया कि निखिल कई सप्ताह से सोनल को धमका रहा था। सोनल उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। उसके पास कुछ निजी तस्वीरें थीं जिन्हें वह लीक करने की धमकी दे रहा था। सोनल ने उससे और उसकी पत्नी से मदद की गुहार लगाई थी।