सार

तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में चक्रवात फेंगल के बाद भारी बारिश और भूस्खलन से 7 लोगों की जान चली गई। बारिश से विल्लुपुरम समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं।

चेन्नई। चक्रवात फेंगल के चलते हुई भारी बारिश से तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में सोमवार दोपहर को दूसरी बार भूस्खलन हुआ। एक घर पर चट्टान गिरने से एक परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। पहला भूस्खलन रविवार शाम करीब 4.30 बजे अन्नामलाईयार पहाड़ी की निचली ढलानों पर हुआ।

चेन्नई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के विशेषज्ञों की टीम की मदद से बचाव कार्य जारी है। भारी बारिश और पहाड़ी पर एक और चट्टान के गिरने के खतरे के कारण बाधा आ रही है। दूसरा भूस्खलन एक स्थानीय मंदिर के पास हुआ।

तमिलनाडु में चक्रवात फेंगल के चलते हुई भारी बारिश

चक्रवात फेंगल के चलते तमिलनाडु में भारी बारिश हुई है। चक्रवात ने शनिवार शाम को जमीन पर दस्तक दी। इसके दो दिन बाद सोमवार को भी बारिश जारी रही। इसके चलते विलुप्पुरम जिले में बाढ़ आ गई है। पुल बह गए हैं। फसलों को नुकसान पहुंचा है। रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। कृष्णागिरी और धर्मपुरी जिलों के कुछ हिस्सों में भी बाढ़ आई है। सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में कृष्णागिरि के उथंगराई में 50 सेंटीमीटर बारिश हुई।

 

 

विल्लुपुरम में 42 सेंटीमीटर, धर्मपुरी के हरुर में 33 सेंटीमीटर और कुड्डालोर और तिरुवन्नामलाई में 16 सेंटीमीटर बारिश हुई। बाढ़ के पानी में उथांगिरी के बस स्टेशन पर खड़ी बसें बह गईं। कई अन्य गाड़ियों के पानी में बहने के वीडियो सामने आए हैं। यहां लगातार 14 घंटे बारिश हुई।

चक्रवात के अवशेषों के कारण हुई भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा चक्रवात के अवशेषों के कारण हुई है। यह राज्य के उत्तरी भाग में मजबूत निम्न दबाव वाले क्षेत्र के रूप में बना हुआ है। उत्तरी केरल और दक्षिणी कर्नाटक में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कहा कि यह सिस्टम अरब सागर की ओर बढ़ने के साथ और भी तीव्र हो जाएगा। यह 3 दिसंबर तक उत्तरी केरल और कर्नाटक से होकर गुजरेगा।

यह भी पढ़ें- Air Pollution: PM 10, PM 2.5 क्या हैं, इंसान की सेहत पर डालते हैं कैसा असर?