सार

बेंगलुरु में एक शख्स ने 200 करोड़ का प्राइवेट जेट खरीदा और मुकेश अंबानी के परिवार के पंडित से पूजा करवाई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल।

भारत में लोग कार खरीदे या बाइक या कोई और वाहन इस्तेमाल करने से पहले उसकी पूजा की जाती है। हाल ही में बेंगलुरु में ऐसी ही एक पूजा की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बेंगलुरु के एक मिस्ट्री मैन ने 200 करोड़ रुपए का प्राइवेट जेट खरीदा। उसने मुकेश अंबानी के परिवार के पंडित से इसकी पूजा कराई।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में देख सकते हैं कि एक पंडित बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हैं। वह विमान के सामने पूजा करते हैं। इसके बाद विमान के नोज पर स्वास्तिक चिह्न बनाते हैं। यह विमान गल्फस्ट्रीम G280 है। इसकी कीमत करीब 200 करोड़ रुपए है। विमान की पूजा भारत के जाने-माने पुजारियों में से एक पंडित चंद्रशेखर शर्मा ने कराई।

पंडित चंद्रशेखर शर्मा ने खुद इंस्टाग्राम पर इसका वीडियो शेयर किया। इसमें वह जेट की ओर चलते दिख रहे हैं। विमान को बेंगलुरु के एयरपोर्ट पर पार्क किया गया था। वह विमान के सामने बैठते हैं और वहीं टर्मिनल पर अनुष्ठान शुरू करते हैं। इस दौरान उन्होंने पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर मंत्रों का जाप किया।

 

View post on Instagram
 

 

वह विमान के अंदर भी गए। अंदर, भगवान गणेश, देवी लक्ष्मी और देवी सरस्वती की छोटी मूर्तियों की पूजा की। सुरक्षित यात्रा और समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। वीडियो में पायलट और जेट के मालिक को कॉकपिट में बैठे दिखाया गया है।

अभी भी विमान के मालिक का नहीं पता

जिस विमान की पूजा की गई उसका मालिक कौन है यह जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं है। विमान अमेरिका के कैलिफोर्निया के सैन मैरिनो स्थित एम्पायर एविएशन के नाम से रजिस्टर्ड है। पूजा भारत में की गई। इससे संकेत मिलता है कि खरीदार कोई भारतीय उद्यमी या बहुत अमीर व्यक्ति है।

शानदार प्राइवेट जेट है गल्फस्ट्रीम G280

गल्फस्ट्रीम G280 हाई क्लास का प्राइवेट जेट है। इसमें 10 लोगों के बैठने की जगह है। इसकी कीमत 150-200 करोड़ रुपए तक है। इसमें दो हनीवेल HTF7250G टर्बोफैन इंजन लगे हैं। प्रत्येक इंजन 33 किलोन्यूटन तक का थ्रस्ट पैदा करता है। यह विमान 900 km/h की रफ्तार से उड़ान भर सकता है। इसका रेंज लगभग 6,667 किलोमीटर है। इससे आराम से लंबी यात्रा की जा सकती है।

कौन हैं पंडित चंद्रशेखर शर्मा?

वायरल वीडियो में अनुष्ठान करते हुए दिखाई देने वाले पुजारी पंडित चंद्रशेखर शर्मा हैं। वह प्रसिद्ध पंडित हैं। उन्हें कई प्रसिद्ध परिवारों और बड़े कारोबारियों के घर पूजा और दूसरे अनुष्ठान कराए हैं। उन्होंने मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी कराई थी।