सार

महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने के लिए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बड़ी पार्टी होने के नाते बीजेपी को न्यौता दिया है। जिसमें देवेंद्र फडणवीस को 11 नवंबर तक अपना बहुमत साबित करना है। 

मुंबई.  महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच जारी रस्साकसी के बीच महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देवेन्द्र फडणवीस को सरकार बनाने का आमंत्रण दिया है। फडणवीस को 11 नवंबर तक बहुमत साबित करना होगा। आपको बता दें कि दोनों दलों के बीच एक पखवाड़े से सरकार बनाने को लेकर तनातनी अपने चरम पर है। इन सब के बीच विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से राज्यपाल ने देवेंद्र फडणवीस को सरकार बनाने का न्यौता दिया है। 

50-50 के वादे पर शिवसेना

चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद शिवसेना अपने ही पार्टी का सीएम बनाए जाने की मांग रख दी है। इसके साथ ही शिवसेना ने दावा किया था कि लोकसभा चुनावों से पहले दोनों गठबंधन सहयोगियों ने अगले कार्यकाल में ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद की साझेदारी का फैसला किया था। जिसके बाद शिवसेना ने अब इसी वादे को पूरा करने की मांग पर अड़ी हुई है। 

दोनों दल अपने जिद्द पर 

शुक्रवार को महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपने-अपने संवाददाता सम्मेलनों में एक बार भी यह नहीं कहा कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार बनने की संभावनाएं खत्म हो गई हैं। दोनों नेता सिर्फ अपने अहं पर अड़े दिखाई दिए। जिसका आलम है कि दोनों दलों में सरकार गठन को लेकर कोई  निर्णय नहीं लिया जा सका।  विगत 24 अक्टूबर को हुई महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनाव की मतगणना में कुल 288 सीटों में भाजपा 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसमें शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली हैं।