Himachal Hidden Places to Visit: दिल्ली की गर्मी से राहत पाने के लिए हिमाचल के इन अनछुए हिल स्टेशनों की सैर करें। बरोग, चूड़धार, थानेदार, शोजा और रक्चम जैसे शांत स्थलों में सुकून के पल बिताएं।
Hidden Gems in Himachal: दिल्ली और एनसीआर के सभी इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है। ऐसे में लोग ठंडी हवाओं और वादियों को देखने के लिए पहाड़ों की ओर रुख करने लगे हैं। अगर आप भी दिल्ली की गर्मी से तंग आ चुके हैं और बच्चों की गर्मियों की छुट्टियों में कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो आपको हिमाचल प्रदेश जाना चाहिए। ऐसे में हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिल स्टेशनों के बारे में तो सभी जानते ही हैं।
लगभग सभी हिल स्टेशनों पर भारी भीड़ रहती है। ऐसे में आज हम आपको 5 ऐसे छुपे हुए और कम मशहूर हिल स्टेशनों के बारे में बताएंगे, जहां आप बिना किसी परेशानी के परिवार के साथ समय बिता सकते हैं। आइए जानते हैं हिमाचल प्रदेश की कम मशहूर छुपी हुई जगहों के बारे में…
बरोग (Barog)
बरोग सोलन जिले में कालका-शिमला हाईवे पर स्थित एकृ खूबसूरत हिल स्टेशन है। चूड़धार चोटी यहां का सबसे आकर्षण है। ये 'चूड़ी-चांदनी धार' के नाम से भी मशहूर है। यहां आपको चारों तरफ देवदार और ओक के घने जंगल मिलेंगे। गर्मियों की तपती धूप से आपको काफी राहत मिलेगी। आप यहां गांव में आराम से रह और खा सकते हैं।
चूड़धार (Chooddhar)
हिमाचल में चूड़धार एक अद्भुत जगह है। इस जगह पर आपको एक अलग ही एहसास होगा। रात के समय यहां के पहाड़ चांदनी से ढके होते हैं। यहां आप देवदार के जंगलों के बीच 48 किलोमीटर लंबा ट्रेक पार कर सकते हैं। ट्रेक पार करने के बाद आपको प्राचीन श्रीगुल मंदिर और चोटी पर भगवान शिव की विशाल प्रतिमा दिखाई देगी। यहां पहुंचकर आपको शांति का एहसास होगा। गर्मियों की छुट्टियों के लिए यह सबसे अच्छा है।
थानेदार (Thanedar)
हिमाचल प्रदेश का थानेदार प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां के नजारे देखकर आप खुद को किसी दूसरी दुनिया में खोया हुआ पाएंगे। यहां आपको सेब और चेरी के बगीचे देखने को मिलेंगे। इन्हें देखना आपके लिए एक अलग ही अनुभव होगा। यहां आप रंग-बिरंगे बगीचों में घूमते हुए खुद भी फल चुन और खा सकते हैं। यहां आप हाटू पीक से लेकर तानी-जुब्बर झील जैसी जगहों पर भी जा सकते हैं। गर्मियों में घूमने के लिए इसे सबसे अच्छी जगह माना जाता है।
शोजा (Shoja)
झालोरी दर्रे के पास सेराज घाटी में स्थित शोजा एक बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है। गर्मी की तपिश से बचने के लिए आप यहां जा सकते हैं। यहां आप रंग-बिरंगे सूर्यास्त देख सकते हैं। यहां आपको सेर्लोस्कर झील और शानदार मीठे पानी के झरने देखने को मिलेंगे। हिमाचल की पहाड़ियों में शांति की तलाश कर रहे लोगों के लिए शोजा एक बेहतरीन जगह है।
रक्चम (Rakcham)
सांगला और चितकुल के बीच भारत-तिब्बत सीमा के करीब स्थित रक्चम अपनी बर्फ से ढकी पहाड़ियों के लिए जाना जाता है। यहां आप बस्पा नदी का साफ और खूबसूरत पानी देख सकते हैं। रक्चम उच्च जैव विविधता के लिए भी जाना जाता है। प्रकृति प्रेमियों को यहां कस्तूरी मृग, नीली भेड़ और हिमालयी काले भालू देखने का मौका मिल सकता है।