SRH vs RR: 260+ स्ट्राइक रेट वाले वैभव सूर्यवंशी से कैसे निपटेगी हैदराबाद?
SRH vs RR Match Preview: IPL 2026 में आज सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का हाई-वोल्टेज मुकाबला है। शाम 7:30 बजे जब मैच होगा, तो हर किसी की नजर वैभव सूर्यवंशी पर होगी, जो तूफानी फॉर्म में हैं। सवाल क्या SRH के गेंदबाज इस रन मशीन को रोक पाएंगे?

वैभव सूर्यवंशी को रोकना क्यों मुश्किल?
रियान पराग की राजस्थान रॉयल्स इंडियन प्रीमियम लीग के इस सीजन 'अजेय' है, जो अब तक कोई भी मैच नहीं हारी है। टीम की सफलता के पीछे सबसे बड़ा हाथ उनके युवा बैटर वैभव सूर्यवंशी का है। उनके आंकड़े देखकर किसी भी टीम के पसीने छूट सकते हैं। अब तक खेले गए 4 मैच में उन्होंने 200 रन बनाए हैं, जिसमें 2 हाफ सेंचुरी भी है। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 266.66 का है। वैभव के पास ही अब तक ऑरेंज कैप भी है।
RR की गेंदबाजी भी कमाल
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, गेंदबाजी में भी राजस्थान के रवि बिश्नोई ने भी कहर बरपा रखा है। 4 मैचों में 9 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में हैं, उनसे आगे सिर्फ गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा हैं, जो 10 विकेट के साथ टॉप पर हैं। यानी आज बिश्नोई के पास पर्पल कैप फिर से पाने का मौका है। टीम के बाकी गेंदबाजों का प्रदर्शन भी अब तक शानदार रहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद को क्या घर में मिलेगी जीत?
भले ही राजस्थान इस सीजन टॉप पर हो, लेकिन हैदराबाद के मैदान पर इतिहास कुछ और ही कहता है। हेड-टु-हेड की बात करें, तो दोनों टीमों के बीच अब तक 21 मैच हुए हैं, जिसमें हैदराबाद 12-9 से आगे है। घर में भी हैदराबाद का ही दबदबा है। हैदराबाद में हुए 6 मैचों में से 5 बार बाजी SRH ने मारी है। राजस्थान को यहां आखिरी जीत 2023 में मिली थी।
SRH vs RR Pitch-Weather Report: रनों की होगी बारिश या गेंजबाजी भारी?
हैदराबाद की पिच हमेशा से बल्लेबाजों की पसंदीदा रही है। यहां टॉस की भूमिका सबसे बड़ी होगी। यहां हुए 84 मैचों में से 48 बार उस टीम ने जीत दर्ज की है, जिसने चेज किया है। आज हैदराबाद में पारा 40 डिग्री तक जा सकता है। गर्मी बहुत होगी, लेकिन बारिश की कोई आशंका नहीं है। ओस (Dew) भी खेल बिगाड़ सकती है।
सनराइजर्स हैदराबाद प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासन, अनिकेत वर्मा, सलिल अरोरा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा, जयदेव उनादकट और विष्णु विनोद (इम्पैक्ट प्लेयर)।
राजस्थान रॉयल्स प्लेइंग-11
यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शिमरोन हेटमायर, रवींद्र जड़ेजा, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और जोफ्रा आर्चर, वैभव सूर्यवंशी (इम्पैक्ट प्लेयर)।

