Indian Kadhi Recipes: अगर आपको कढ़ी पसंद है, तो घर पर तीन अनोखे फ्लेवर बनाना आसान है- पंजाबी पकोड़ा कढ़ी, गुजराती मीठी कढ़ी और राजस्थानी कढ़ी। दही और बेसन से बनी ये रेसिपी चावल या रोटी के साथ बहुत स्वादिष्ट लगती हैं।
Kadhi Recipe: भारतीय खाने में कढ़ी का एक खास स्थान है। दही और बेसन से बनने वाली यह डिश लगभग हर घर में अलग-अलग तरीके से बनाई जाती है। किसी को पंजाबी कढ़ी पसंद होती है, तो किसी को गुजराती या राजस्थानी कढ़ी का स्वाद भाता है। कढ़ी का खट्टा-तीखा स्वाद चावल या रोटी के साथ बेहद लाजवाब लगता है। अगर आप भी कढ़ी खाने के शौकीन हैं, तो घर पर इन तीन खास तरह की कढ़ी बनाकर अपने खाने का स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं।
पंजाबी पकोड़ा कढ़ी
सामग्री
1 कप दही, 2 बड़े चम्मच बेसन, 1 कप पानी, नमक स्वादानुसार, ½ चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, 1 प्याज (कटा हुआ), हरी मिर्च, तेल। पकोड़े के लिए: 1 कप बेसन, नमक, लाल मिर्च, थोड़ा सा पानी और तेल।
विधि
सबसे पहले पकोड़े बनाने के लिए बेसन में नमक, मिर्च और पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें और गरम तेल में छोटे-छोटे पकोड़े तल लें। अब एक बर्तन में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंट लें और उसमें पानी व मसाले मिला दें। कढ़ाई में थोड़ा तेल गरम करके जीरा और प्याज भूनें, फिर दही-बेसन का मिश्रण डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब कढ़ी उबलने लगे, तब उसमें पकोड़े डाल दें और 10-15 मिनट तक पकाएं। तैयार है स्वादिष्ट पंजाबी कढ़ी।
गुजराती मीठी कढ़ी
सामग्री
1 कप खट्टा-मीठा दही, 2 चम्मच बेसन, 2 कप पानी, 1 चम्मच गुड़, नमक स्वादानुसार, ½ चम्मच हल्दी, करी पत्ता, राई, जीरा, सूखी लाल मिर्च, 1 चम्मच घी।
विधि
सबसे पहले दही, बेसन और पानी को अच्छे से फेंट लें ताकि उसमें गांठें न रहें। अब इसमें नमक, हल्दी और थोड़ा गुड़ मिलाएं। कढ़ाई में घी गरम करें और उसमें राई, जीरा, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालकर तड़का लगाएं। इसके बाद दही-बेसन का मिश्रण कढ़ाई में डालें और लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर पकाएं। 10-12 मिनट में कढ़ी अच्छी तरह पककर तैयार हो जाएगी। यह कढ़ी हल्की मीठी और बेहद स्वादिष्ट होती है।
ये भी पढ़ें- Spice Safety Shock: एवरेस्ट मसालों में मिले खतरनाक बैक्टीरिया, जिनसे खराब हो सकता है लीवर!
राजस्थानी कढ़ी
सामग्री: 1 कप दही, 3 चम्मच बेसन, 2 कप पानी, ½ चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, नमक स्वादानुसार, 1 चम्मच जीरा, 2 सूखी लाल मिर्च, थोड़ा सा हींग और 2 चम्मच घी।
विधि
एक बाउल में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें, फिर उसमें पानी और मसाले मिलाएं। अब कढ़ाई में घी गरम करें और उसमें जीरा, हींग और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाएं। इसके बाद दही-बेसन का मिश्रण डालकर धीमी आंच पर पकाएं। राजस्थानी कढ़ी को थोड़ी देर तक उबालना जरूरी होता है, जिससे इसका स्वाद और गाढ़ापन बढ़ जाता है। इसे गरमा-गरम चावल या बाजरे की रोटी के साथ परोसें।
ये भी पढ़ें- Runny Dosa Batter Fix: डोसा बैटर हो गया है पतला? इन 4 ट्रिक्स से तुरंत करें गाढ़ा
