- Home
- World News
- पाकिस्तान के परमाणु हथियारों से है दुनिया को खतरा, आतंकियों के हाथ लग जाएं तो मच सकती है तबाही
पाकिस्तान के परमाणु हथियारों से है दुनिया को खतरा, आतंकियों के हाथ लग जाएं तो मच सकती है तबाही
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) ने पाकिस्तान को दुनिया का सबसे खतरनाक देश बताया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे लगता है कि पाकिस्तान शायद दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है। उन्होंने पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को लेकर यह बयान दिया है। दरअसल, पाकिस्तान को लेकर पश्चिमी देशों की चिंता नई नहीं है। अमेरिका समेत कई पश्चिमी देश पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को दुनिया के लिए बड़ा खतरा बता चुके हैं। आगे पढ़ें पाकिस्तान के परमाणु हथियार के बारे में...
- FB
- TW
- Linkdin
)
पाकिस्तान की सेना और सरकार के सांठगांठ आतंकी संगठनों से रहे हैं। इसके साथ ही यह देश अस्थिरता का भी सामना कर रहा है। इसके चलते दुनिया को चिंता है कि अगर पाकिस्तान के परमाणु हथियार आतंकियों के हाथ लग जाएं तो बड़ी तबाही मच सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के पास करीब 120 न्यूक्लियर वारहेड हैं। हमला करने के लिए न्यूक्लियर वारहेड को मिसाइल में लगाया जाता है। इसके बाद मिसाइल को टारगेट की ओर लॉन्च किया जाता है।
पाकिस्तान ने परमाणु हथियार बनाने की कोशिश 1970 में शुरू की थी। उसने 1998 में परमाणु परीक्षण किया था। इसके बाद से पाकिस्तान लगातार अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को बढ़ा रहा है। अक्टूबर 2015 में पाकिस्तान ने घोषणा किया था कि उसके पास टेक्टिकल न्यूक्लियर वेपन हैं। टेक्टिकल न्यूक्लियर वेपन छोटे आकार के परमाणु हथियार हैं। इन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान होता है और कम समय में फायर करने के लिए तैयार किया जा सकता है।
पाकिस्तान का न्यूक्लियर प्रोग्राम मुख्य रूप से भारत को ध्यान में रखकर बनाया गया है। परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के लिए पाकिस्तान ने शाहीन III, अबाबील, बाबर और नसर जैसे बैलिस्टिक मिसाइल विकसित किए हैं। इसके साथ ही उसने चीन से 300 किलोमीटर तक मार करने वाला मिसाइल M-11 (हत्फ III) और उत्तर कोरिया से 1000 किलोमीटर तक मार करने वाला मिसाइल नोडोंग (गौरी) खरीदा है।
पाकिस्तान के हत्फ वन मिसाइल का रेंज 80 किलोमीटर है। यह 500 किलोग्राम वजन के परमाणु हथियार ले जा सकता है। इसका वजन 1500 किलोग्राम है। हत्फ तीन मिसाइल का रेंज 300 किलोमीटर है। वहीं, हत्फ पांच का रेंज 1 हजार किलोमीटर है। यह 700 किलोग्राम भारी परमाणु हथियार ले जा सकता है।
यह भी पढ़ें- बिडेन ने PAK को बताया सबसे खतरनाक देश, लोगों ने F-16 फ्लीट पैकेज को लेकर कर दी खिंचाई, पढ़िए कुछ कमेंट्स?
शाहीन III दो स्टेज वाला मध्यम रेंज का बैलिस्टिक मिसाइल है। इसका रेंज 2750 किलोमीटर है। यह पाकिस्तान का सबसे अधिक रेंज वाला मिसाइल है, जो परमाणु हमला कर सकता है। वहीं, अबाबील तीन स्टेज वाला बैलिस्टिक मिसाइल है। यह पाकिस्तान का पहला ऐसा मिसाइल है जो एक बार में एक से अधिक परमाणु हथियार ले जा सकता है। इसकी रेंज 2200 किलोमीटर है। इसे पहली बार 24 जनवरी 2017 को टेस्ट किया गया था। यह अभी सर्विस में नहीं है।
बाबर (हत्फ 7) सब सोनिक क्रूज मिसाइल है। इसकी रफ्तार हवा में आवाज की रफ्तार से कम है। बाबर का रेंज 700 किलोमीटर है। यह पारंपरिक गोला-बारूद के साथ परमाणु बम से भी हमला कर सकता है। यह 450-500 किलोग्राम वजनी परमाणु हथियार ले जा सकता है। वहीं, नसर (हफ्त 9) कम दूरी तक मार करने वाला बैलिस्टिक मिसाइल है। 60 किलोमीटर रेंज वाले इस मिसाइल को 0.5-5 kT न्यूक्लियर वारहेड से लैस किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- हॉस्पिटल की छत पर लाशों के ढेर, हॉरर फिल्मों से अधिक खौफनाक मंजर, तस्वीरें देखकर लोगों ने लिखा- RIP humanity