- Home
- States
- Uttar Pradesh
- पत्रकार की हत्या में 6 आरोपी गिफ्तार, पुलिस ने कहा- जमीनी विवाद में हुआ मर्डर;CM ने आर्थिक सहायता का किया ऐलान
पत्रकार की हत्या में 6 आरोपी गिफ्तार, पुलिस ने कहा- जमीनी विवाद में हुआ मर्डर;CM ने आर्थिक सहायता का किया ऐलान
बलिया(Uttar Pradesh). यूपी के बलिया में गोली मारकर की गई एक टीवी चैनल के पत्रकार रतन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक पत्रकार के पड़ोस में रहने वाले उन चार लोगों को गिरफ्तार किया है जिनसे कुछ दिनों पूर्व ही एक जमीन को लेकर पत्रकार रतन सिंह विवाद हुआ था। यही नहीं दबंगों ने पत्रकार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पत्रकार की हत्या जमीनी रंजिश में ही हुई है उसमें पत्रकारिता से जुड़ा कोई कारण नहीं था। उधर सीएम योगी ने मृतक पत्रकार के परिजनों को आर्थिक सहायता के साथ ही आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
| Published : Aug 25 2020, 11:12 AM IST
- FB
- TW
- Linkdin
फेफना थाना क्षेत्र निवासी पत्रकार रतन सिंह का गांव में पुराना मकान है, जहां उनका पट्टीदारों से जमीनी विवाद है। रतन सिंह का नया मकान रसड़ा-फेफना मार्ग पर बना हुआ है। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम रतन सिंह अपने पुराने मकान पर गए थे, जहां बदमाशों ने उन्हें दौड़ा लिया।
वहां से वह भागते भागते फेफना के प्रधान सीमा सिंह के घर में घुसे, लेकिन बदमाशों ने घर में घुसकर उनके सिर में गोली मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रतन सिंह के दो पुत्र हैं। देर रात पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि थाने से महज 500 मीटर दूर फेफना गांव है जहां मृतक रतन सिंह का आवास भी था। यहीं हमलावरों ने उन्हें गांव के प्रधान के घर मे घेर कर गोली मार दी। पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। मामले में गांव के प्रधान के शामिल होने की बात कही जा रही है।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी अरविंद सिंह, दिनेश सिंह और सुनील सिंह समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले को संज्ञान में लेते हुए सीएम योगी ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। वहीं मुख्यमंत्री ने पत्रकार के साथ हुई घटना पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को 10 लाख रूपए की अआर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
एसपी बलिया देवेन्द्र नाथ ने मामले घटना के बाद पत्रकारों का आक्रोश देखते हुए थाना प्रभारी फेफना को लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने बताया कि घटना पुरानी जमीनी रंजिश में हुई है। इस घटना में पत्रकारिता या उससे जुड़े किसी विवाद का कोई लेना देना नहीं है। आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मामले की छानबीन की जा रही है।