- Home
- States
- Madhya Pradesh
- दिलचस्प हुआ MP का पंचायत चुनाव: कहीं मंत्री की बहू तो कहीं विधायक की बेटी घूम रहीं गली-गली, देखिए गजब नेतागिरी
दिलचस्प हुआ MP का पंचायत चुनाव: कहीं मंत्री की बहू तो कहीं विधायक की बेटी घूम रहीं गली-गली, देखिए गजब नेतागिरी
भोपाल : एमपी पंचायत चुनाव (MP Panchayat Election 2022) काफी दिलचस्प हो गया है। कहीं शिवराज सरकार के मंत्री का बेटा तो कहीं विधायक की बेटी गली-गली घूमकर वोट मांग रही हैं। कहीं पत्नियां मैदान में हैं तो कहीं बहुएं ताल ठोंकती नजर आ रही है। भले ही पंचायत चुनाव पार्टी के सिंबल पर न लड़े जाते हों लेकिन साख तो इसमें भी पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायकों की दांव पर है। शायद पंचायत चुनाव से ही बीजेपी की परिवारवाद की गाइडलाइन का नेताओं ने तोड़ निकाल लिया है। सतना की रैगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे स्व. जुगल किशोर बागरी के बेटे पुष्पराज बागरी वार्ड नंबर-1 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। गुना की चाचौड़ा से बीजेपी विधायक रहीं ममता मीणा और उनके रिटायर IPS पति रघुवीर सिंह मीणा भी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। आइए जानते हैं उन प्रत्याशियों को जिनके घर में कोई मंत्री तो कोई विधायक है..
- FB
- TW
- Linkdin
Follow Us
)
पूर्व राज्यपाल की पौत्रवधु मैदान में
इस बार पंचायत चुनाव में एमपी के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की पौत्रवधु रोशनी यादव भी चुनावी मैदान में हैं। रामनरेश यूपी के सीएम भी रह चुके हैं। रोशनी यादव निवाड़ी के वार्ड नंबर 6 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष भी हैं। रोशनी काफी कड़ी मेहनत कर रही हैं। वे दिन-रात जनता के बीच जा रही हैं और उनसे खुद के लिए वोट मांग रही हैं।
उमा भारती के भाई की बहू चुनाव लड़ रहीं
पूर्व सीएम उमा भारती (Uma Bharti) के भाई की बहू उमिता सिंह टीकमगढ़ से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। उमिता सिंह उमा भारती के भतीजे और बीजेपी विधायक राहुल सिंह लोधी की पत्नी हैं। वे जिला पंचायत के वार्ड नंबर 8 से मैदान में हैं। पति राहुल लोधी खरगापुर से विधायक हैं।
विधायक की बहनें भी ठोंक रही ताल
बीजेपी विधायक राकेश गिरी की दो-दो बहनें पंचायत चुनाव में ताल ठोंक रही हैं। टीकमगढ़ से विधायक राकेश गिरी की बहन कामिनी गिरी जनपद पंचायत की अध्यक्ष हैं और दूसरी बार मैदान में उतरी हैं। वे वार्ड 22 से चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, दूसरी बहन रानी गिरी वार्ड 13 से जीत के लिए जी-जोड़ मेहनत कर रही हैं।
पत्नी के मैदान में उतरने से विधायक की साख दांव पर
प्रदेश बीजेपी के एक और विधायक अनिल जैन की साख दांव पर है। उनकी पत्नी निरंजना जैन जनपद पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। उन्हें जिताने विधायक भी खूब पसीना बहा रहे हैं। निरंजना नवगठित निवाड़ी जनपद पंचायत के वार्ड नंबर-5 से मैदान में हैं। उनका नामांकन भी दाखिल हो चुका है, अब जनता के बीच जाकर आशीर्वाद मांग रही हैं।
खंडवा में वन मंत्री के बेटे ने भरा नामांकन
मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार में वन मंत्री कुंवर विजय शाह (Kunwar Vijay Shah) के बेटे दिव्यादित्य शाह गांव की पॉलिटिक्स में दांव आजमा रहे हैं। उन्होंने खंडवा जिला पंचायत के वार्ड नंबर 14 से पर्चा दाखिल कर दिया है और अब गांव-गांव, गली-गली जाकर वोट मांग रहे हैं। इस वार्ड की बात करें तो यह हरसूद विधानसभा के आशापुर-खालवा क्षेत्र को मिलाकर बनता है। बेटे के चुनावी मैदान में उतरने से मंत्री विजय शाह की साख भी दांव पर बनी हुई है।