- Home
- Entertainment
- Bollywood
- नहीं रहे शोले के 'सूरमा भोपाली', 81 साल की उम्र में जगदीप ने कहा दुनिया को अलविदा
नहीं रहे शोले के 'सूरमा भोपाली', 81 साल की उम्र में जगदीप ने कहा दुनिया को अलविदा
मुंबई. कॉमेडी एक्टर जगदीप का बुधवार को मुंबई में निधन हो गया। जगदीप का असली नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था। वे जावेद जाफरी के पिता थे। जगदीप के दोस्त प्रोड्यूसर महमूद अली ने बताया कि बांद्रा स्थित घर में करीब 8.30 बजे उनकी मौत हुई। 81 साल की उम्र में भी जगदीप बेहद जिंदादिली से बीमारियों से जूझ रहे थे। कोरोना लॉकडाउन के दौरान वे काफी कमजोर हो गए थे और आखिरकार 8 जुलाई को अपने पीछे 6 बच्चे और नाती-पोतों से भरा परिवार छोड़कर दुनिया को अलविदा कह गए। उनको 9 जुलाई को सुबह मुंबई के मुस्तफा बाजार मझगांव सिया कब्रिस्तान सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इस दौरान गिना-चुने लोग ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
- FB
- TW
- Linkdin
)
1975 में आई शोले में निभाए गए सूरमा भोपाली के किरदार ने उन्हें बॉलीवुड में मशहूर किया था। इस किरदार के नाम पर 1988 में भी फिल्म बनी, उसमें भी मुख्य भूमिका जगदीप ने ही निभाई।
सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी उर्फ जगदीप का जन्म 1939 में हुआ था और उन्होंने एक बाल कलाकार के तौर पर बीआर चोपड़ा की फिल्म अफसाना से हिंदी फिल्मों में काम करने की शुरुआत की थी। इसके बाद बतौर बाल कलाकार उन्होंने अब दिल्ली दूर नहीं, मुन्ना, आर-पार, लैला मजनू, दो बीघा जमीन और एक पंछी एक डाल के जैसी फिल्मों में भी काम किया।
जगदीप ने 1951 से अफसाना फिल्म से डेब्यू किया था। इसमें वे चाइल्ड एक्टर थे। इसके बाद उन्होंने दो बीघा जमीन में कॉमेडी रोल निभाया था। उन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया।
जगदीप ने तीन बहूरानियां, खिलौना, फुद्ददू, सास भी कभी बहू थी, गोरा और काला, बिदाई, आईना, एजेंद विनोद, युवराज, सुरक्षा, एक बार कहो, फिर वही रात, मोर्चा, कुर्बानी, पुराना मंदिर, शहंशाह, फूल और कांटे, अंदाज अपना अपना, चायना गेट जैसी कई फिल्मों में अभिनय कर लोगों का मनोरंजन किया था। बाद में उनके बेटों - जावेद जाफरी व नावेद जाफरी और उनके पोते मिजान जाफरी ने भी अभिनय की दुनिया में कदम रखा।
अजय देवगन ने ट्वीट कर शोक जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- जगदीप साहब की मौत की दुखद खबर सुनी। उन्हें स्क्रीन पर देखकर हमेशा खुशी मिलती थी। उन्होंने दर्शकों को खूब हंसाया। जावेद और परिवार के सभी सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।
फिल्म डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने ट्वीट किया- हमारा सात दशकों तक मनोरंजन करने के बाद जगदीप साहब का निधन हो गया है। काफी दुखद है। मेरी संवेदनाएं जावेद, नावेद और पूरे जाफरी परिवार के साथ है। डायरेक्टर हंसल मेहता ने भी जगदीप को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लोगों से अपील है कि वे जगदीप की फिल्म मुस्कुराहट देखें। इसमें उनके परफॉर्मेंस का कोई सानी नहीं है।
2020 में जगदीप से पहले बॉलीवुड के कई सितारे दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। इनमें इरफान खान, ऋषि कपूर, संगीतकार वाजिद खान और कोरियोग्राफर सरोज खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वहीं एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने भी पिछले महीने आत्महत्या की थी।
अपने दोनों बेटे जावेद और नावेद के सााथ जगदीप।