हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का 30 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। TikTok से मशहूर हुईं दिव्यांका ने 50+ गानों में काम किया। उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट ने फैंस को इमोशनल कर दिया है।
Haryanvi Actress Divyanka Sirohi Death: हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यंका सिरोही अब इस दुनिया में नहीं रहीं। मंगलवार देर रात यूपी स्थित अपने घर पर उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके चलते उनका निधन हो गया। वह महज 30 साल की थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार वाले उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी अचानक मौत से हरियाणवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। इसी बीच दिव्यंका की आखिरी पोस्ट भी खूब वायरल हो रही है, जिसने उनके चाहनेवालों को रुला दिया है।
दिव्यंका की आखिरी पोस्ट
दिव्यंका सिरोही की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट बेहद इमोशनल है। 19 मार्च 2026 को उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो बी प्राक और अफसाना खान के गाने “बरसाना मिला है” पर डांस करती नजर आईं। इस वीडियो में न कोई बड़ा सेट था, न बैकअप डांसर। बस दिव्यंका अकेले ही एक शांत माहौल में थिरकती नजर आ रही थीं। उनका यह रूप उनके पहले के जोशीले डांस वीडियोज से बिल्कुल अलग था।
कैप्शन ने छुआ फैंस का दिल
इस वीडियो के साथ उन्होंने हिंदी में एक इमोशनल कैप्शन लिखा। उन्होंने कहा कि राधा रानी ने उनकी किस्मत में प्यार लिखा है और वह खुद को इस कहानी का हिस्सा मानकर खुश हैं। उनके 'सॉलिड बॉडी' और 'गुलाबी सूट' जैसे वायरल वीडियोज से अलग, यह पोस्ट काफी प्राइवेट और दिल को छू लेने वाली थी। फैंस को इस पोस्ट में उनकी असली और सादगी भरी झलक देखने को मिली।
अचानक तबीयत बिगड़ी और हो गया निधन
मंगलवार देर रात गाजियाबाद स्थित घर पर उन्होंने अपने भाई हिमांशु से चक्कर आने की शिकायत की। इसके तुरंत बाद वह गिर पड़ीं और उनका सिर जमीन से टकरा गया। दिव्यंका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। अगले दिन बुधवार 22 अप्रैल की सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इंडस्ट्री और फैंस की श्रद्धांजलि
दिव्यंका सिरोही के उनके निधन पर हर तरफ से शोक संदेश आए। सिंगर मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज हरियाणवी कलाकार दिव्यांका सिरोही हमारे बीच नहीं रहीं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।” प्रोड्यूसर जीतू और गायक विकास समेत कई लोगों ने उनके परिवार से मिलकर सांत्वना दी और समर्थन जताया।
दिव्यंका सिरोही की विरासत: हमेशा याद रहेंगी
दिव्यंका ने अपने करियर में डांस, एक्सप्रेशन और ऊर्जा के जरिए एक अलग पहचान बनाई थी। उनकी चुलबुली अदाएं और बिंदास अंदाज फैंस को हमेशा याद रहेगा। दिव्यांका ने 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया और KD जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया।


