सार
प्रोड्यूसर एकता कपूर ने इसी महीने की शुरुआत में एक्टर राम कपूर का मजाक उड़ाया था। दरअसल, राम कपूर अपना वजन घटाकर एकदम फिट और स्लिम हो गए हैं। इसी को लेकर एकता कपूर ने इनडायरेक्टली उन पर निशाना साधा था और कहा था कि उन्होंने अपना वजन कम करने के लिए ओज़ेम्पिक ट्रीटमेंट का सहारा लिया है। एकता के इस कटाक्ष पर राम कपूर ने तो कुछ नहीं किया। लेकिन उनकी पत्नी गौतमी कपूर ने उन्हीं की भाषा में करारा जवाब दिया है। गौतमी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे एकता कपूर की मिमिक्री करती नज़र आ रही हैं।
राम कपूर की पत्नी गौतमी ने दिया एकता कपूर को करारा जवाब
गौतमी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वे एकता कपूर की मिमिक्री करते हुए इंग्लिश में बोल रही हैं, जिसका हिंदी अनुवाद इस प्रकार है, "क्या मुझे एंटी एंटी-इंफ्लेमेटरी डाइट लेनी चाहिए? क्या मुझे मौनजारो लेना चाहिए? क्या मुझे ओज़ेम्पिक (फार्मास्युटिकल ड्रग्स) लेना चाहिए, या ये सभी? या फिर मुझे सिर्फ अपनी जुबान पर ताला लगाना चाहिए? लेकिन मुझे लगता है कि मेरे लिए जिम ही काफी है। क्योंकि हमें बड़े नहीं, छोटे ही अच्छे लगते हैं।" आखिरी लाइन में गौतमी ने एकता कपूर के शो 'बड़े अच्छे लगते हैं' को टारगेट किया है, जिसमें राम कपूर ने लीड रोल निभाया था।
गौतमी कपूर ने वीडियो शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा है, "जिसे जो पसंद हो, उसे वो करने दो। जियो और जीने दो...और अंत में जो मायने रखता है वह सेहत, खुशहाली और शांति है।"
एकता कपूर ने राम कपूर को लेकर आखिर क्या कह दिया था?
राम कपूर के ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर कई इंटरनेट यूजर्स सवाल उठा रहे थे कि क्या ओज़ेम्पिक की मदद से दुबले हुए हैं? इस पर राम ने एक वीडियो शेयर किया और स्पष्ट किया कि उन्होंने ओज़ेम्पिक का सहारा नहीं लिया, बल्कि अपनी फिटनेस के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है। इसके तुरंत बाद एकता कपूर ने इनडायरेक्टली उन पर निशाना साधा और एक वीडियो शेयर करते हुए उसमें कहा, "मैं क्या करूं? मेरा वजन बहुत बढ़ गया है। क्या मुझे एंटी एंटी-इंफ्लेमेटरी डाइट, मौनजारो या ओज़ेम्पिक करना चाहिए? या ये सभी? चुप रहूं? या छोड़ दूं? हम बड़े ही अच्छे लगते हैं।" वीडियो के कैप्शन में एकता ने लिखा है, "ओज़ेम्पिक हो जाए?"
एकता कपूर और राम कपूर के बीच झगड़ा कब शुरू हुआ?
एकता कपूर के वीडियो के बाद राम कपूर के साथ उनकी तू-तू, मैं-मैं खुलकर सामने आ गई। वैसे दोनों के बीच खटर-पटर उस वक्त सामने आ गई थी, जब राम कपूर ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि उनके और साक्षी तंवर के बीच 'बड़े अच्छे लगते हैं' में बोल्ड सीन एकता कपूर ने प्लान किया था। इसके तुरंत बाद एकता कपूर ने राम कपूर पर बिना नाम लिए निशाना साधा और अपनी पोस्ट में लिखा, "जो अनप्रोफेशनल एक्टर मेरे शोज के बारे में इंटरव्यू दे रहे हैं, उन्हें मुंह बंद रखना चाहिए। झूठी इन्फॉर्मेशन और झूठी कहानियां तब तक चलेंगी, जब तक मैं बात करती रहूंगी। लेकिन मौन की भी एक गरिमा होती है।" बता दें कि 'बड़े अच्छे लगते हैं' 2011 से 2014 तक टेलीकास्ट हुआ था।